विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

HIV पॉजीटिव का सिजेरियन ऑपरेशन, 22 दिन बीतने के बाद भी मैनपुरी में जांच टीम खाली हाथ

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 22 Aug 2026 11:13 AM (GMT+05:30)

मैनपुरी के सौ शैय्या अस्पताल में एचआईवी पॉजिटिव प्रसूता के सिजेरियन प्रसव की जांच 22 दिन बाद भी पूरी नहीं ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। सौ शैय्या अस्पताल में एचआइवी पाॅजीटिव प्रसूता के सिजेरियन प्रसव के मामले में अभी तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। प्रसूता का सामान्य ओटी में बिना सुरक्षा मानक अपनाए प्रसव कराने की जांच डीएम द्वारा कराई जा रही है। डीएम ने 10 दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन 22 दिन बीतने के बाद भी प्रकरण की जांच नहीं हो सकी है।

भोगांव निवासी एक महिला एचआइवी पॉजीटिव है और उनका इलाज भी चल रहा है। इस बीच वह गर्भवती हुईं तो प्रसव पीड़ा होने पर स्वजन 25 जुलाई को उन्हें लेकर सौ शैय्या मातृ एवं शिशु अस्पताल पहुंचे। यहां उन्हें भर्ती कर प्रसव से पूर्व सभी जांचें कराई गईं। एंटीजन किट से कराई गई जांच में नेगेटिव आने के बाद उन्हें सिजेरियन प्रसव के लिए आपरेशन थिएटर में ले जाया गया

एनेस्थेटिक द्वारा इंजेक्शन देने के बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निशिता यादव ने सिजेरियन प्रसव कराया था। आपरेशन होते ही जब महिला के स्वजन ने शिशु को सिरप पिलाने की बात कही तो डाॅक्टर और ओटी स्टाफ चौंक गया। जानकारी करने पर स्वजन ने बताया कि महिला एचआइवी पॉजीटिव है। इसके बाद अस्पताल प्रशासन द्वारा दोबारा जांच कराई गई तो रिपोर्ट पाॅजीटिव आई।

मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम डा. इंद्रमणि त्रिपाठी ने 31 जुलाई को सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता और जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. राज सिंह की दो सदस्यीय टीम गठित कर जांच कर 10 दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सात अगस्त को सीएमओ और सीएमएस ने आपरेशन करने वाली चिकित्सक, एलटी और लैब टेक्नीशियन के बयान दर्ज किए हैं

परंतु इसके बाद से ही जांच अधर में लटकी हुई है। अभी तक पॉजीटिव महिला और उसके स्वजन के भी बयान दर्ज नहीं किए गए हैं। इस संबंध में सीएमओ डाॅ. आरसी गुप्ता ने बताया कि सभी तथ्यों के आधार पर प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। एक दो दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।