विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में प्रभारी प्रधानाध्यापक की गोली मारकर की हत्या, एयरफोर्स की नौकरी छोड़ शिक्षक बने थे यशपाल

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:22 AM (IST)

मैनपुरी में स्कूल से लौट रहे 52 वर्षीय प्रभारी प्रधानाध्यापक यशपाल सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

यशपाल का इंसेट में फोटो और मौके पर पहुंचे एसपी।

यशपाल का इंसेट में फोटो और मौके पर पहुंचे एसपी।

HighLights

  1. मैनपुरी में स्कूल से लौटते प्रभारी प्रधानाध्यापक की गोली मारकर हत्या।

  2. भूमि विवाद के चलते रिश्तेदार पिता-पुत्रों पर हत्या का आरोप।

  3. पुलिस ने हत्यारों की तलाश में तीन टीमें गठित कीं, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। विद्यालय से लौट रहे आगरा के रहने वाले 52 वर्षीय प्रभारी प्रधानाध्यापक की सोमवार दोपहर को एलाऊ क्षेत्र में गांव रम्पुरा के सामने बाइक सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिन दहाड़े हुई हत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। रिश्तेदार पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। हत्यारों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें जुटी हैं।
आगरा जिले के थाना एत्मादपुर क्षेत्र के गांव गुढ़ा बहरामपुर निवासी 52 वर्षीय यशपाल सिंह सुल्तानगंज विकासखंड क्षेत्र के गांव उस्मानपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पिछले 10 साल से प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वह भोगांव के गांव रुई निवासी रिश्तेदार शिक्षक रामपाल के मैनपुरी नगर में डीएम आवास के निकट मकान में रह रहे थे।

विद्यायाय से घर लौट रहे थे

रोजाना की तरह वह सोमवार की दोपहर को विद्यालय से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। उनके साथ साथी शिक्षिका कुसुम अलग स्कूटी से और पीछे कार से रामपाल मैनपुरी आ रहे थे। दोपहर ढाई बजे के करीब जब यशपाल एलाऊ क्षेत्र में गांव दिवलपुर से होते हुए रम्पुरा के सामने पहुंचे। तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने तमंचा से यशपाल को गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। ये देख साथी शिक्षिका और रामपाल रुक गए। वहीं हमलावर एलाऊ की ओर भाग गए। रामपाल कार से उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

जहां डॉक्टरों ने यशपाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी गणेश प्रसाद साहा, एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी, सीओ सिटी अशोक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव मोर्चरी पर भेज स्वजन को घटना की जानकारी दी।

रिश्तेदार रामपाल ने देर शाम गांव रुई निवासी यशपाल के रिश्तेदार रामवीर और उसके पुत्र प्रशांत व अमित के खिलाफ भूमि विवाद के चलते गोली मार हत्या किए जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया कि यशपाल और रामवीर के बीच भूमि विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने हत्यारे प्रशांत को पहचान भी लिया है।

शिक्षक बनने से पहले एयरफोर्स में कमांडिंग ऑफिसर थे

मृतक शिक्षक बनने से पहले एयरफोर्स में कमांडिंग ऑफीसर थे। पत्नी की मृत्यु के बाद उन्होंने एअर फोर्स की नौकरी छोड़ दी और वर्ष 2002 में बीटीसी परीक्षा पास करने के बाद वह शिक्षक बन गए थे। घटना को अंजाम देने आए तीन हत्यारों में से कोई भी हेलमेट नहीं पहने था। इसी वजह से रामपाल ने उन्हें पहचान लिया।

यह भी पढ़ें- 'चार लोगों पर हत्या का आरोप...', टीचर मनीषा की आत्मा से बात करने वाले यूट्यूबर का दावा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

वादी रामपाल मृतक का रिश्तेदार और मित्र है। उसी ने हत्यारे को पहचाना है। इसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर हत्यारों की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज से भी हत्या के संबंध में अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-

गणेश प्रसाद साहा, एसपी मैनपुरी।