गोआश्रय स्थलों में सहेजा जा रहा 1585 गोवंश, भरपूर चारा
मैनपुरी जासं। सीएम योगी आदित्यनाथ की खास प्राथमिकताओं में शामिल बेसहारा गोवंश को अब समुचित सहारा मिलने लगा है। अधिकारियों के लगातार निरीक्षण के बाद इन बेसहारा पशुओं को न सिर्फ चारा मिल रहा है बल्कि रहने के स्थान पर भी साफ सफाई की जा रही है। इनकी सेवा में समाजसेवी लगे हुए हैं।
जासं, मैनपुरी: सीएम योगी आदित्यनाथ की खास प्राथमिकताओं में शामिल बेसहारा गोवंश को अब समुचित सहारा मिलने लगा है। अफसरों के ताबड़तोड़ निरीक्षणों और समाजसेवियों की सहभागिता से ऐसे गोवंश के खराब दिन दूर हो गए हैं। भरपेट चारा-भूसा और दाने की खुराक मिलने से बेसहारा गोवंश अब सेहतमंद दिखने लगा है।
सूबे की सत्ता में आने के बाद सीएम ने बेसहारा गोवंश को ठिकाना देने का काम शुरू किया तो जिला में भी ऐसे गोवंश को संवारने पर करोड़ों की राशि व्यय की गई। वर्तमान में 17 स्थानों पर ऐसे गोवंश का संरक्षण हो रहा है तो डीएम प्रमोद कुमार उपाध्याय, तत्कालीन सीडीओ कपिल सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पुष्प कुमार के अचानक किए गए निरीक्षणों से कान्हा पशु आश्रय स्थलों में बदलाव दिखने लगा है। वहीं, निकायों के ईओ और एसडीएम भी ऐसे संरक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बना रहे हैं।
-
मंगलवार को दौड़े पशु अधिकारी-
महाराजगंज में डीएम समेत कई अफसरों पर कड़ी कार्रवाई के बाद मंगलवार को पशु विभाग के अधिकारी सक्रिय नजर आए। संरक्षण केंद्रों में जाकर गोवंश की सेहत देखी तो चारा-दाना की उपलब्धता को भी देखा।
-
हो रहा टीकाकरण-
जिला में संचालित गो संरक्षण केंद्रों में पल रहे बेसहारा गोवंश की सेहत का ख्याल रखने के लिए पशु पालन विभाग खुरपका और मुंहपका बीमारी से बचाने के लिए गोवंश का टीकाकरण कराने में जुआ है। मंगलवार को सीअीओ डॉ. पुष्प कुमार ने इस अभियान की जानकारी किशनी के एक संरक्षण केंद्र पर जाकर ली।
-
डीएम के निरीक्षण के बाद फिरे दिन-
संसू, बेवर : नगर की गोशाला में 50 गोवंश पल रहा है। 10 दिन पूर्व डीएम ने गोशाला का आकस्मिक निरीक्षण कर अधिशासी अधिकारी दुर्वेश कुमार से व्यवस्थाओं को लेकर काफी नाराजगी व्यक्त की थी। गोवंशों को प्रति दिन 50 किलो दाना दिया जा रहा है। मंगलवार को एक गाय बीमार मिली, जिसका उपचार चल रहा है।
-
करहल सब सही-
करहल : नगर पंचायत के अधीन गोशाला में 75 गोवंश हैं। अधिशासी अधिकारी प्रभात रंजन यादव ने नगर पंचायत कर्मी अवलेंद्र कुमार को तैनात किया है। ईओ ने बताया है कि शासन की तरफ से गायों के चारे को अप्रेल में 11 लाख से ज्यादा राशि आई, जिसमें से चार लाख से अधिक खर्च हो चुके हैं।
-
यह है आश्रय स्थलों की स्थिति-
मैनपुरी पालिका के अलावा करहल, कुरावली, घिरोर और कुसमरा नगर पंचायत के स्थाई कान्हा गो आश्रय स्थलों में 985 गोवंश पल रहा है।
-
नगर पंचायत ज्योंति खुडिया के अलावा भोगांव, बेवर और किशनी के दो अस्थाई गो आश्रय स्थलों में 312 गोवंश का पोषण हो रहा है।
-
नगला जोत, सोनई, जवापुर, उसनीधा और नगला देवी, जखौआ के ग्रामीण अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल में 154 गोवंश का पालन हो रहा।
-
घिरोर ब्लॉक के गुराई में संचालित वृहद गो संरक्षण केंद्र में 136 गोवंश का लालन-पालन।