यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अहिरवा में गोबर गैस संयंत्र, बनेगी बिजली
पंचायती राज विभाग सुल्तानगंज ब्लाक के गांव अहिरवा में गोबर गैस संयंत्र की स्थापना कराएगा। यहां बड़ा टैंक बनाया जाएगा। ...और पढ़ें

जासं, मैनपुरी: पंचायती राज विभाग सुल्तानगंज ब्लाक के गांव अहिरवा में गोबर गैस संयंत्र की स्थापना कराएगा। यहां बड़ा टैंक बनाया जाएगा। इसके लिए गड्ढा खोदने का काम चल रहा है, जो अंतिम चरण में है। अगले साल तक तक तैयार होने वाले इस संयंत्र में 45 घन मीटर गैस तैयार होगी। नेडा और पंचायत राज विभाग के अफसरों ने बुधवार को काम का निरीक्षण किया।
जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन ने बताया कि शासन की गोबर धन योजना के तहत गोबर से बिजली बनाने के लिए अहिरवा में बड़ा संयंत्र स्थापित करने का काम शुरू हो गया है। जेसीबी की मदद से बड़ा गड्ढा खोदा जा रहा है, जिसमें बड़ा टैंक लगाया जाएगा। इसमें गैस एकत्र की जा सकेगी। इसकी स्थापना पर करीब 20 लाख रुपये की धनराशि खर्च होगी। उन्होंने परियोजना अधिकारी नेडा प्रवीण नाथ पांडेय, डीपीसी नीरज शर्मा के साथ कार्य का निरीक्षण किया।
गोशाला से खरीदा जाएगा गोबर
संयंत्र में गैस उत्पादन के लिए कच्चे माल के रूप में गोबर की खरीद गोशाला से होगी। इससे गोशाला की आय भी बढ़ेगी और आसपास के किसानों को भी फायदा होगा। संयंत्र में बिजली का उत्पादन होगा, जिससे आसपास बिजली की आपूर्ति हो सकेगी। तैयार होने वाले कंपोस्ट से खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी। संयंत्र का वाणिज्यिक उपयोग किया जाएगा।
-
डीपीआर हुई तैयार-
पंचायती राज निदेशालय की ओर से स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के द्वितीय चरण में गोबर धन योजना के तहत गोबर गैस संयंत्र स्थापित करने को कहा गया है। जमीन चयनित होने के बाद इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने के लिए फर्म को जिम्मेदारी दी गई है। गोबर धन सेल का होगा गठन
संयंत्र की स्थापना पर करीब 20 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान है। जिलास्तर पर इसके लिए गोबर धन सेल का गठन हुआ है। डीएम अध्यक्ष तो सीडीओ, बीएसए, सीएमओ, डीआरडीए के परियोजना निदेशक, डीपीआरओ, जिला समाज कल्याण अधिकारी, यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी सदस्य हैं। इसी समिति ने संयंत्र स्थापित करने के लिए एजेंसी का चयन किया है।
-
अहिरवा में गोबर गैस संयंत्र की स्थापना का काम शुरू हो गया है। अगले साल तक इस काम को पूरा लिया जाएगा। संयंत्र स्थापित होने से किसानों को काफी फायदा होगा। -स्वामीदीन, जिला पंचायत राज अधिकारी।
