फर्नीचर व्यवसायी की गोली मारकर हत्या
- छत पर सोते समय दिया गया घटना को अंजाम, चारपाई से नीचे पड़ा मिला शव
- डाग स्क्वाइड और फोरेंसिक टीम से सुराग लगाने की कोशिश, एफआइआर दर्ज
संसू, कुसमरा: मकान की छत पर सो रहे फर्नीचर व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर स्वजनों से बातचीत की। फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वाइड के जरिए भी सुराग तलाशने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
कस्बा के मुहल्ला उजागरपुर निवासी संतोष शर्मा लकड़ी के दरवाजे, चौखट का बड़ा कारोबार करते थे। बुधवार रात वह अपने घर की छत पर सोए हुए थे। गुरुवार सुबह उनकी पुत्री किरन जगाने पहुंची तो वे चारपाई से नीचे खून से लथपथ पड़े थे। चारपाई पर लगी मच्छरदानी पर खून लगा था, लेकिन बिस्तर पर खून नहीं था। पास में ही कारतूस का खोखा पड़ा था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस, फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वाइड को मौके पर पहुंचा। लेकिन, हमलावर के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की रिपोर्ट संतोष शर्मा के पुत्र श्याम ने अज्ञात में दर्ज कराई है।
संतोष शर्मा की पत्नी की दस साल पहले मृत्यु हो गई थी। उनकी तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं। पुत्रियों का विवाह हो चुका है। एक पुत्री किरन काफी समय से संतोष शर्मा के पास ही रह रही थी। उनका एक पुत्र श्याम उन्हीं के साथ रहकर कारोबार की देखभाल करता है। वहीं बड़ा पुत्र रामू दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। घटना को लेकर अलग-अलग प्रकार के कयास लगाए जा रहे हैं। एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द राजफाश कर दिया जाएगा।
तीन दिन से बंद थे सीसीटीवी
संतोष शर्मा के घर में सीसीटीवी लगे हुए थे। स्वजन ने बताया कि तीन दिन पूर्व सीसीटीवी खराब हो गए थे। इसलिए सीसीटीवी से सुराग मिलना संभव नहीं है। उनके कारखाने में 13 कारीगर काम करते हैं। पिछले कुछ दिनों से तीन कारीगर ही कारखाने में आ रहे थे। पुलिस ने कारीगरों से बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी ली है।