बिस्तर पर मिला भट्ठा मजदूर का शव
अधिक शराब पीने से मौत होने का अनुमान पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
किशनी, संवादसूत्र। भट्ठे की कोठरी में सो रहे मजदूर का शव बिस्तर में पड़ा मिला। घटना को लेकर अलग-अलग प्रकार के कयास लगाए जा रहे हैं। लोग अधिक शराब पीने से मौत होना बता रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
कन्नौज के थाना सौरिख क्षेत्र में स्थित गांव नगला मदारी निवासी अवध बिहारी शंखवार (45) भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पिछले कुछ समय से किशनी क्षेत्र में चितायन भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे। शनिवार रात भोजन करने के बाद भट्ठे पर बनी कोठरी में सोने चले गए। उनका एक साथी भी कोठरी में सो रहा था। कोठरी में दरवाजा नहीं है। सुबह पांच बजे सभी मजदूर ईंट पाथने के लिए पहुंच गए, लेकिन अवध बिहारी नहीं पहुंचा तो भट्ठे के मुनीम ने अवध बिहारी को बुलाने के लिए उसके कमरे में सोये दूसरे मजदूर को भेजा, तो अवध बिहारी का शव बिस्तर में पड़ा मिला। मजदूर ने मुनीम को जानकारी दी। भट्ठा के सभी कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। घटना को लेकर अलग-अलग प्रकार के कयास लगाए जा रहे थे। कुछ लोगों का कहना था कि अवध बिहारी ने शनिवार रात बहुत ज्यादा शराब पी ली थी। इसी के चलते उसकी मौत हो गई है। वहीं कुछ लोग उसकी हत्या होने का अनुमान लगा रहे थे। हालांकि, उसके शरीर पर कोई चोट नहीं थी। इंस्पेक्टर किशनी आशीष सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण चल सकेगा।