आबादी में घुसा कोहरा, ठंड में लगा तड़का
साल के दूसरे पखवाड़े में मौसम की एक और करवट, किसान खुश, गेहूं की फसल के लिए मान रहे मुफीद, वाहन चालक रहे परेशान।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। मौसम का मिजाज लोगों को चौंका रहा है। दोपहर में राहतकारी धूप का अहसास हो रहा है तो सुबह और रात को ठंड पड़ रही है। शुक्रवार सुबह नए साल के दूसरे पखवाड़े में कोहरा आबादी में घुस आया। हालात देखकर लोग चौंक गए, वाहन चालकों को सफर में परेशानी हुई।
शुक्रवार सुबह घने कोहरे से कड़ाके की सर्दी का अहसास हुआ। कोहरे का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। वहीं दोपहर बाद धूप खिलने से लोगों ने राहत महसूस की। पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दोपहर में खिल रही धूप से लग रहा था कि अब ठंड की विदाई जल्दी ही हो जाएगी, लेकिन शुक्रवार सुबह जब लोग सोकर उठे तो आबादी के चारों ओर घना कोहरा देख चौंक गए। सुबह का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक रहा। बाहरी क्षेत्रों में इतना घना कोहरा था कि लोगों को कुछ ही दूर का दिखाई नहीं दे रहा था। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर अपने वाहनों को निकालते देखे गए। हालांकि दोपहर के समय निकली धूप ने लोगों को राहत दे दी। फसल के लिए राहत: शुक्रवार सुबह घने कोहरे से अन्नदाताओं के चेहरों पर राहत दिखी। किसान रामपाल का कहना है कि लेट ही सही, कोहरा होने से गेहूं की फसल को फायदा होगा। दाना भरपूर बनेगा तो उत्पादन बेहतर होगा। वहीं, चिकित्सक कोहरा और ठंड को अभी हार्ट, दमा और टीबी रोगियों के अलावा नवजात शिशुओं के लिए कष्टकारी बता रहे हैं।