सड़क किनारे पड़ा मिला किसान का शव
कुरावली में बाजार जाने के बाद लापता हुए किसान का शव गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। ग्रामीण घटना को हत्या होने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस सड़क हादसा बता रही है।
संसू, कुरावली (मैनपुरी): बाजार जाने के बाद लापता हुए किसान का शव गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं तो पुलिस सड़क हादसा बता रही है। किसान के पुत्र ने भी अज्ञात वाहन के खिलाफ टक्कर मारने की तहरीर दी है।
गांव कालाखेत के किसान रामविरेश (45) मंगलवार सुबह कुरावली बाजार जाने की कहकर घर से निकले थे। फिर लौटकर नहीं आए। परिजनों को लगा कि वे कुरावली में रिश्तेदार के घर रुक गए होंगे। इसलिए ध्यान नहीं दिया। बुधवार सुबह उनका शव गांव से कुछ दूर सड़क किनारे पड़ा मिला। पैरों में चोट के निशान थे। भीड़ जमा हो गई। शरीर के ऊपर के हिस्से में चोट न होने के कारण लोग गला घोंटकर हत्या करने का अनुमान लगा रहे थे। पुलिस ने घटना स्थल पर निरीक्षण करने के बाद सड़क हादसा बताया। मृतक की किसी से रंजिश नहीं थी। पुत्र योगेंद्र ने अज्ञात वाहन के खिलाफ टक्कर मारने की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर कुरावली ओमहरी वाजपेयी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।