आटो मोबाइल बाजार को एक नई उड़ान देगा दशहरा
मैनपुरी जासं कोरोना संक्रमण की दस्तक के साथ ही आटोमोबाइल बाजार पस्त हो गया।
मैनपुरी, जासं: कोरोना संक्रमण की दस्तक के साथ ही आटोमोबाइल बाजार पस्त हो गया। अब त्योहारों का सीजन आने से आटो कारोबार से जुड़े व्यापारियों को उम्मीद दिखने लगी है। दशहरा पर दोपहिया वाहन की जोरदार बिक्री की संभावना से कारोबारी बुकिग के लिए प्रयास में जुट गए हैं। वाहनों की बुकिग होने लगी है।
सात माह पहले कोरोना के शोर में आटो मोबाइल सेक्टर की रफ्तार थम सी गई थी। अनलाक होने के बाद सुधार तो हुआ, लेकिन पितृ पक्ष में स्थिति निराशाजनक थी। जिन शोरूमों पर सीजन में 20 से 30 दोपहिया वाहन बिकते थे, उन पर पांच भी नहीं बिक रहे थे।
नवरात्र से शुरू हुए त्योहारी सीजन ने कोरोना संक्रमण की वजह से पैदा आटोमोबाइल सेक्टर की सुस्ती को बाय-बाय कह दिया है। अब वाहनों की बिक्री में उछाल आया है। दो पहिया कंपनियों के शोरूम में ग्राहकों की आमद भी तेजी से बढ़ी। अब तक पांच दिनों में ही 150 के लगभग दोपहिया वाहन बिके हैं। अब दशहरा तक दोपहिया वाहन बिक्री की तादात भी कई सैकड़ा जा सकती है।
होंडा शोरूम के मालिक नवनीत अग्रवाल ने बताया कि नवरात्र में अभी तक कई वाहन बिक चुके हैं। वैसे बिक्री रफ्तार अभी कम ही है। टीवीएस शोरूम के मैनेजर देवेंद्र सिंह का कहना था कि ग्राहक आने लगे हैं। हीरो मोटर्स एजेंसी के संचालक सरदार हरदीप सिंह का कहना है कि ग्राहक आ रहे हैं। गाड़ी पसंद की जा रही हैं, दशहरा पर बिक्री की उम्मीद है।
फसल बनी खरीदारी की वजह
उद्योग विहीन जिले को केवल खेती से उम्मीद रहती हैं। बीते माह से ही धान कटाई का काम शुरू होने के बाद किसान अब दोपहिया वाहनों की खरीद को आने लगे हैं। अभी धान कटाई चल रही है, ऐसे में वाहन खरीद का क्रम दीपावली तक चलेगा। वैसे, दशहरा से भी आटो मोबाइल बाजार को अच्छी आस है।