डॉ. आंबेडकर को नमन कर सिद्धांतों को अपनाने का लिया संकल्प
128 वें जन्मोत्सव पर शहर में निकाली गई प्रभात फेरी सुबह से शाम तक रही कार्यक्रमों की धूम।
मैनपुरी, जासं। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 128वीं जयंती रविवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनाई गई। राजनीतिक दलों के साथ ही विभिन्न संगठनों ने भी बाबा को नमन किया। कहीं शोभायात्रा निकाली गई तो कहीं प्रभात फेरी। सुबह से शाम तक शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में कार्यक्रम कर संविधान निर्माता के सिद्धांतों को अपनाने के संकल्प लिए गए।
ऐतिहासिक प्रभातफेरी आंबेडकर फाउंडेशन जन्मोत्सव आयोजन समिति की ओर से निकाली गई। बुद्ध विहार, आजाद नगर में मुख्यातिथि राजरत्न आंबेडकर व विशिष्ठ अतिथि केएम संत ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। प्रभात फेरी पुलिस लाइन मार्ग, नगला पजाबा, जेल रोड, ईशन नदी तिराहा, कचहरी रोड, क्रिश्चियन तिराहा, तांगा स्टैंड, सदर बाजार होते हुए मुहल्ला छपट्टी स्थित आंबेडकर पुस्तकालय पर संपन्न की गई। अध्यक्ष प्रदीप के सागर ने बताया कि आज छपट्टी स्थित आंबेडकर पुस्ताकलय में दोपहर दो बजे भीम दरबार व मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर ह्रदेश सिंह जौनी, संदीप पिपिल, प्रमोद कुमार, अमन पिपिल, ज्ञानेंद्र कुमार, राजेश कुमार, पंकज शंखवार, अनुराग कुमार, विजय कुमार आजाद, मुकेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, आत्माराम सागर, जगदीश संत, अशोक कुमार सिंह, प्रदीप कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस ने अपनाए हैं बाबा के सिद्धांत
कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी ने कार्यालय पर डॉ. आंबेडकर को याद कर उन्हें भारत भाग्य विधाता बताया। जिलाध्यक्ष संकोच गौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने ही बाबा के सिद्धांतों को अपनाया है। डॉ. उमेश टिगल, फैय्याज अहमद सिद्दीकी, मतीन सिद्दीकी, मनोज चतुर्वेदी, सुरेश राठौर, रमेश चंद्र वर्मा, धीरज श्रीवास्तव, मनोज शाक्य, अतुल दुबे, विनोद शर्मा आदि ने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर प्रदीप, पंकज, चंद्रप्रकाश, मनोज कुमार, अतुल दुबे, शिवराज सिंह आदि मौजूद रहे।