डिप्टी सीएम के प्रभारी मंत्री बनने से जिले में विकास को मिलेगी रफ्तार
योगी सरकार ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को जिले का प्रभारी मंत्री बनाया है। गुरुवार को भाजपाइयों ने इस पर जश्न मनाया।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। जिले में ताकत बढ़ाने में जुटी भाजपा अब जनता की नब्ज थामने को नये उत्साह में डूब गई है। योगी सरकार ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को जिले का प्रभारी मंत्री बनाया है। गुरुवार को भाजपाइयों ने इस पर जश्न मनाया।
लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के बाद से भाजपा जिले में सपा के वर्चस्व को चुनौती देने में जुटी है। सदस्यता अभियान में सपा के गढ़ कहे जाने वाले इलाकों तक में लोगों को सदस्य बनाने के बाद विरोधी दलों के कई बड़े नेताओं को भी पार्टी में शामिल कराया जा चुका है। इसके बाद भोगांव के विधायक रामनरेश अग्निहोत्री को कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। इस फैसले के बाद भाजपा को उत्साहजनक प्रतिक्रियाएं मिलीं। अब एक और बड़ा फैसला लिया गया है। गुरुवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को जिले का प्रभारी मंत्री घोषित कर दिया गया है। इससे पहले गिरीश चंद्र यादव पर प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी थी। पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभी से रणनीति बनाकर काम रही है। डिप्टी सीएम के प्रभारी मंत्री बनने से जिले में विकास और योजनाओं पर अमल की गति तेज होगी। वहीं फैसले की जानकारी मिलते ही भाजपाइयों ने इस हर्ष जताया। सोशल मीडिया पर इसका प्रचार-प्रसार भी जोरों से किया गया। भाजपाइयों ने मनाया जश्न
संसू, घिरोर : कस्बा के दीवाना मार्केट के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने केशव प्रसाद मौर्य को मैनपुरी का प्रभारी मंत्री बनाए जाने पर आतिशबाजी चलाकर जश्न मनाया। लोकसभा प्रत्याशी रहे प्रेमसिंह शाक्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उर्मिला चौहान, सुधीर यादव, चंद्रपाल सिंह तोमर, संदीप पाठक, युवा मंडल अध्यक्ष ओमपाल शाक्य, धर्मपाल शाक्य, सुरेश शाक्य, श्यामसुंदर, राघवेंद्र शाक्य, अजय शाक्य, यतींद्र गौतम, चंद्रन चौहान, रानू तोमर, आदित्य चौहान, सुमित शाक्य, अवधेश शाक्य, बिजेंद्र, संजय शाक्य, राजू वर्मा, सत्यपाल शाक्य, दीपक जैन, भोले, सुखवीर सिंह मौजूद रहे।