डिप्टी सीएम का कार्यक्रम रद, कटियार दिलाएंगे संकल्प
लोकसभा चुनाव के तहत 24 मार्च को प्रस्तावित है विजय संकल्प सभा छोटा क्रिश्चियन मैदान में होना है आयोजन तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। लोकसभा चुनाव के लिए मैनपुरी संसदीय सीट से भाजपा की विजय संकल्प सभा के प्रस्तावित कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब नए सिरे से कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं।
भाजपा विजय संकल्प सभा के जरिए चुनावी शंखनाद करने जा रही है। शहर के छोटा क्रिश्चियन मैदान में 24 मार्च को सभा का आयोजन होना प्रस्तावित है। शुक्रवार की दोपहर कचहरी रोड स्थित जिला सहकारी बैंक परिसर में डीसीबी चेयरमैन नरेंद्र सिंह राठौर ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठकर कार्यक्रम को लेकर रूपरेखा तैयार की। जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता का कहना है कि कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या का दौरा रद्द हो गया है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार सभा को संबोधित करेंगे। दिन भर कार्यक्रम के लिए संयोजक रामनरेश अग्निहोत्री विधायक भोगांव के साथ सह संयोजक डॉ. आशू दिवाकर और डॉ. वीरेंद्र शाक्य तैयारियों में जुटे रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर वहां स्थान का चयन करने के साथ वाहनों की पार्किंग का स्थान भी निर्धारित कराया गया।