दीपोत्सव नजदीक, रोडवेज विभाग सुस्त
दीपोत्सव नजदीक है। धनतेरस दीपावली गोवर्धन पूजा और उसके बाद भाई दूज.. लगातार त्योहार हैं लेकिन रोडवेज की सेवाएं सुस्त पड़ी हुई हैं। बस स्टैंड की बात करें तो यहां पर न तो यात्रियों के बैठने के पर्याप्त प्रबंध हैं और न ही सुरक्षा व्यवस्था। पूछताछ सिस्टम पर भी लोगों को इंतजार करना पड़ता है। अगर यही हाल रहा तो इस त्योहार पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ जाएगा।
जासं, मैनपुरी: दीपोत्सव नजदीक है। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और उसके बाद भाई दूज.. लगातार त्योहार हैं लेकिन, रोडवेज की सेवाएं सुस्त पड़ी हुई हैं। बस स्टैंड की बात करें तो यहां पर न तो यात्रियों के बैठने के पर्याप्त प्रबंध हैं और न ही सुरक्षा व्यवस्था। पूछताछ सिस्टम पर भी लोगों को इंतजार करना पड़ता है। अगर यही हाल रहा तो इस त्योहार पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ जाएगा।
शहर में कचहरी रोड पर तत्कालीन सपा सरकार में अंतरराज्यीय बस अड्डा का निर्माण कराया गया था। यह बस अड्डा अभी तक हस्तांतरित नहीं हुआ है। आनन-फानन में इसका संचालन तो शुरू करा दिया गया था, लेकिन सुविधाओं का ख्याल ही नहीं रखा गया। अब त्योहार शुरू हो चुके हैं लेकिन, महकमा पूरी तरह से बेफिक्र है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से कोई प्रबंध नहीं हैं।
यहां बसों का इंतजार ज्यादातर यात्रियों को जमीन पर बैठकर ही इंतजार करना पड़ता है। यात्री बेफिक्र होकर पूरे परिसर में जहां तहां घूमते रहते हैं। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी लगवाए गए थे, लेकिन वे भी लंबे समय से बंद पडे़ हैं। एलईडी स्क्रीन को चालू कराने के लिए भी कोई प्रयास नहीं किए गए। पूछताछ सिस्टम से अक्सर कर्मचारी नदारद रहते हैं। ऐसे में यात्रियों को कई बार सही जानकारी के लिए परेशान होना पड़ता है। संसाधन भी हुए ध्वस्त
आगजनी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए आधुनिक फायर सिस्टम लगाया गया है। अराजक तत्वों द्वारा इनके ज्यादातर पैनलों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। सीलिग फैन टूट चुके हैं और लाइटें चोरी हो चुकी हैं। पीने के पानी के लिए लगा वाटर कूलर भी खराब पड़ा है। यात्रियों को पानी के लिए बाहर परिसर में बिकने वाली बोतलों को खरीदकर प्यास बुझानी पड़ती है। बसों का रूट चार्ट ही नहीं
बस स्टैंड से कौन-कौन सी बसें किस समय पर रवाना होती हैं और किन रूटों से होकर गुजरती हैं, इसके बारे में कोई रूट चार्ट नहीं लगाया गया है। ऐसे में यात्रियों को बसों की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती है। सुबह के समय में तो ज्यादातर कर्मचारी गायब ही मिलते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल व्यवस्था और बसों के रूट से संबंधित जानकारी को दुरुस्त कराया जाएगा। अन्य जो भी खामियां हैं, उन्हें भी दूर कराने के प्रयास किए जाएंगे।
पवन श्रीवास्तव, एआरएम मैनपुरी डिपो।