रोशनी से नहाया शहर, आतिशबाजी की बिखरी छटा
मैनपुरी जासं। दीपावली का त्योहार धार्मिक रीति-रिवाज और परंपरागत अंदाज में रविवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। शुभ मुहूर्त के अनुसार मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश का आह्वान कर उनकी पूजा की गई। सभी की सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
जासं, मैनपुरी: दीपावली का त्योहार धार्मिक रीति-रिवाज और परंपरागत अंदाज में रविवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। शुभ मुहूर्त के अनुसार मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश का आह्वान कर उनकी पूजा की गई। सभी की सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
रविवार सुबह से ही मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। मनभावन रंगोली सजाकर घरों की साज-सजावट का काम भी दिन ढलने से पहले ही पूरा कर लिया गया। शुभ मुहूर्त के अनुसार धूप-दीप जलाकर विधि-विधान से माता लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश की आरती उतारकर पूजन किया गया। पूजा-उपासना के बाद लोगों ने घरों और मंदिरों में दीये व मोमबत्तियां जलाकर उनकी रोशनी बिखेरी।
अबकी घरों की सजावट के लिए आकर्षक झालरों का क्रेज ज्यादा ही दिखा। ज्यादातर लोगों ने देशी झालरों की रोशनी से घरों की सुंदरता बढ़ाई। घरों में पूजन के बाद प्रतिष्ठानों पर भी दीप जलाकर माता लक्ष्मी की उपासना की गई। पूजा-अर्चना के बाद से ही आतिशबाजी का सिलसिला शुरू हो गया। आधी रात तक रॉकेट और रंगीन आतिशबाजी की रोशनी से आसमान में छटा बिखरती रही। स्टेशन रोड निवासी माहेश्वरी समाज के लोगों ने भी घरों में रंगोली सजाकर अपने अंदाज में दीपावली का पर्व मनाया। हिदू युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष शैलू राठौर की मौजूदगी में पदाधिकारियों ने सीओ सिटी अभय नारायण राय के साथ कोतवालेश्वर मंदिर में पहुंचकर दीप जलाए। एसपी ने वृद्धाश्रम पहुंचकर मनाई दीपावली
पुलिस अधीक्षक अजय शंकर राय ने एएसपी ओमप्रकाश, सीओ सिटी अभय नारायण राय व पुलिस परिवार के साथ रविवार की रात लगभग आठ बजे वृद्धाश्रम पहुंचकर यहां रह रहे निराश्रित बुजर्गों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। पहले दीप जलाकर मां लक्ष्मी का पूजन किया। उसके बाद बुजुर्गों के साथ आतिशबाजी चलाकर उन्हें उपहार और मिठाइयां भेंट कीं। बरनाहल थाना पुलिस ने भी जरूरतमंदों को मिठाइयां और उपहार बांटे।