कई स्थानों पर दी ढील, टूटी शारीरिक दूरी की अनिवार्यता
मैनपुरी जासं। हॉटस्पॉट पर अधिकारियों और पुलिस की पैनी नजर है। वहीं अन्य इलाकों में थोड़ी छूट दी गई है तो लोगों ने शारीरिक दूरी के नियम को हवा में उड़ा दिया। इस पर पुलिस को फिर से सख्ती बरतनी पड़ी। बुधवार को दिन भर अधिकारी जिले भर का भ्रमण करते रहे। पुलिस ने बेवजह सड़क पर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी: हॉटस्पॉट में अधिकारियों और पुलिस की सख्ती बरकरार है। वहीं अन्य इलाकों में थोड़ी छूट दी गई तो लोगों ने शारीरिक दूरी के नियम को हवा में उड़ा दिया। इस पर पुलिस को फिर से सख्ती बरतनी पड़ी। बुधवार को दिन भर अधिकारी जिले भर का भ्रमण करते रहे। पुलिस ने बेवजह सड़क पर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
शहर के मुहल्ला बंशीगौहरा, कुरावली और करहल को करीब दो सप्ताह पहले हॉटस्पॉट घोषित किया गया था। इन इलाकों के आसपास के मुहल्ले भी सील कर दिए थे। हॉटस्पॉट मे अधिकारी किसी भी प्रकार की ढील देने के लिए तैयार नहीं हैं। जरूरत की चीजें सरकारी कर्मचारियों द्वारा लोगों के घरों तक पहुंचाई जा रही है। पूरे इलाके अभी भी पूरी तरह सील हैं। किसी को भी घर से निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
बुधवार को जिला प्रशासन ने अन्य स्थानों पर थोड़ी ढील दी तो लोगों ने नियमों को ताक पर रख दिया। कुछ स्थानों पर भीड़ जमा होने लगी। इस पर पुलिस को कठोर कदम उठाना पड़ा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर लगे बैरियर लगाकर चेकिग की जाती रही। कई लोग बहाने बनाकर बैरियर पार करने में सफल हो गए। वहीं बेवजह घूमने की पुष्टि होने पर कई बाइक सवारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। तमाम साइकिल सवार भी सड़कों पर घूमते दिखाई दिए।