दरोगा ने अपनी कनपटी पर सटा ली रिवॉल्वर
एसओ से तकरार के बाद चौकी इंचार्ज ने दी खुदकशी की धमकी, कोर्ट का कागज समय से न पहुंचाने को लेकर हुआ दोनों में विवाद।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। एसओ बरनाहल से तकरार के बाद चौकी इंचार्ज नबाटेढ़ा आपे से बाहर हो गए। उन्होंने सर्विस रिवॉल्वर अपनी कनपटी पर टिका दी। खुदकशी की धमकी देने लगे। थाने में खलबली मच गई। पुलिसकर्मियों ने रिवॉल्वर छीन ली। बाहर भी भीड़ जमा हो गई। थाना पुलिस घटना को दबाने की कोशिश कर रही है। एसओ ने इस प्रकार की घटना से इन्कार किया है।
मामला गुरुवार सुबह 10 बजे का है। थानाध्यक्ष बरनाहल संजेश कुमार व चौकी इंचार्ज नबाटेढ़ा विजय ¨सह थाना परिसर में कार्यालय के बाहर धूप में बैठकर कागज देख रहे थे। इसी बीच थानाध्यक्ष ने चौकी इंचार्ज से किसी कागज को लेकर सवाल किया तो विवाद बढ़ गया। दोनों में तकरार होने लगी। कुछ देर बाद चौकी इंचार्ज तैश में आ गए। उन्होंने कमर पर लगी रिवॉल्वर बाहर निकाल ली। एक बार तो अनहोनी की आशंका से लोग सिहर गए। दूसरे ही क्षण दारोगा ने रिवॉल्वर अपनी कनपटी पर लगा ली। बोले, मेरा उत्पीड़न हो रहा है। आज जान दे दूंगा। यह देख अन्य पुलिसकर्मियों ने दारोगा के हाथ से रिवाल्वर छीन ली। थानाध्यक्ष भी सन्न रह गए। हंगामा होते देख थाने के बाहर जुटे तमाम लोगों ने पूरा घटनाक्रम देखा। कुछ देर बाद चौकी इंचार्ज वहां से चले गए। मौजूद लोगों ने बताया कि कोर्ट से आया कोई कागज चौकी इंचार्ज ने समय से वापस नहीं किया था। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई है। थानाध्यक्ष संजेश कुमार घटना से इन्कार कर रहे हैं। वहीं दारोगा विजय ¨सह ने भी चुप्पी साध ली है। अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश ¨सह ने बताया कि जांच का आदेश दिया है। इसके बाद कार्रवाई होगी। चर्चा में रहे हैं चौकी इंचार्ज: 22 दिसंबर को चे¨कग के दौरान एक सैनिक से चौकी इंचार्ज का विवाद हुआ था। जिसमें सैनिक ने उनकी पिटाई कर दी थी। इस मामले में सैनिक को जेल जाना पड़ा था। 18 अगस्त को दलेल नगर में राशन डीलर के चुनाव के दौरान लोगों के साथ चौकी इंचार्ज ने मारपीट की थी।