बच्चे बोले, शहर को बनाएंगे पॉलीथिन मुक्त
'पॉलीथिन को कहें ना' अभियान के तहत शुक्रवार को शहर के बीएनएल हायर सेकंड्री स्कूल में बच्चों ने शपथ ली।
मैनपुरी : दैनिक जागरण के अभियान 'पॉलीथिन को कहें ना' के तहत शुक्रवार को शहर के बीएनएल हायर सेकंड्री स्कूल में बच्चों ने शपथ ली। स्कूली बच्चों ने पॉलीथिन का प्रयोग न करने का संकल्प लिया। बच्चों को पॉलीथिन के नुकसान की जानकारी भी दी गई।
स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. नीनेश यादव ने बच्चों को पॉलीथिन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि पॉलीथिन हमारे लिए अभिशाप है। हजारों सालों तक पॉलीथिन कभी समाप्त नहीं होती है। आज हमारे देश में इतनी बड़ी मात्रा में पॉलीथिन है कि पूरा पर्यावरण ही प्रदूषित हो रहा है। पॉलीथिन के कचरे को निस्तारित करने के लिए भी कोई उपाय नहीं है। अगर हमें पर्यावरण को बचाना चाहते हैं तो पॉलीथिन का प्रयोग छोड़ना होगा। उन्होंने सभी बच्चों को शपथ दिलाई कि वे पॉलीथिन से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। जिससे सभी लोग पॉलीथिन से देश को बचाने के लिए साथ आ सकें। इस दौरान ओमप्रकाश शर्मा, अनूप यादव, विनय यादव, सतीश कश्यप, अमित पाल, सुधीर, बबिता यादव, पुष्पेंद्र कुमार मौजूद रहे। बच्चों की बात:
पॉलीथिन का कचरा आज हमारे देश में सबसे बड़ी समस्या है। अब तक इसके निस्तारण का कोई उपाय नहीं खोजा जा सका है। इसलिए पॉलीथिन बंद होना ही सही है।
कृष्णकांत। शायद ही ऐसा कोई व्यक्ति होगा जो हर दिन पॉलीथिन का उपयोग न करता है। ऐसे में पॉलीथिन का ढेर लगता जा रहा है। इससे हमारा वातावरण प्रदूषित हो रहा है।
देव यादव। पॉलीथिन बंद करने के लिए सरकार को पहले ही निर्णय लेना चाहिए था। लेकिन अब सरकार ने पॉलीथिन बंद कर दी है तो हमें भी उसका सहयोग करना चाहिए।
ज्योती। हम अगर अपने परिवार और आसपास के लोगों को बताएं कि पॉलीथिन हमारे लिए कितनी घातक है तो शायद कोई इसका उपयोग नहीं करेगा। बस थोड़ी सी जागरूकता की जरूरत है।
सौम्या यादव।