चेयरमैन व आरएसएस पदाधिकारी में मारपीट
कुसमरा नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार को सफाई अभियान के दौरान चेयरमैन संजय गुप्ता और आरएसएस के विभाग शारीरिक प्रमुख राहुल मिश्रा के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों में मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने चौकी कुसमरा में तहरीर दी है।
मैनपुरी, कुसमरा: कुसमरा नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार को सफाई अभियान के दौरान चेयरमैन संजय गुप्ता और आरएसएस पदाधिकारी राहुल मिश्रा के बीच जमकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। फिर जमकर मारपीट हुई। आरएसएस पदाधिकारी ने चेयरमैन पर मारपीट और चेन लूटने का आरोप लगाया है। वहीं चेयरमैन ने घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। दोनों ने पक्षों ने थाने पर तहरीर दी।
कुसमरा कस्बे में रविवार सुबह अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट हीरालाल यादव के साथ सफाई अभियान चल रहा था। यहां पर चेयरमैन संजय गुप्ता और संघ के विभाग शारीरिक प्रमुख राहुल मिश्रा भी थे। किसी बात को लेकर यहां राहुल मिश्रा और चेयरमैन के बीच गाली-गलौज होने लगी। इस दौरान एसडीएम किशनी अशोक प्रताप ¨सह भी मौजूद थे। उस वक्त तो विवाद शांत हो गया। चेयरमैन का आरोप है कि वह यहां से अपने समर्थक मनोज चौहान के साथ उनके घर चले गए। यहां पर राहुल मिश्रा, कल्लन ठाकुर व कुछ अन्य लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की। जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। चेयरमैन ने अपनी जान को खतरा बताते हुए तहरीर दी। उधर, राहुल मिश्रा ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश में चेयरमैन संजय गुप्ता, उनके प्राइवेट गनर और मनोज चौहान ने मारपीटकर जान से मारने की कोशिश की। जंजीर, मोबाइल और जेब से 15 हजार रुपये भी लूट लिए। चौकी में दोनों पक्ष पहुंच गए। एसडीएम किशनी भी चौकी पर पहुंचे। देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। उधर, किशनी के सपा विधायक ब्रजेश कठेरिया का आरोप है कि भाजपा नेता गुंडई कर रहे हैं। उनकी गुंडई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।