UP News: मैनपुरी में कन्नौज का चांद अली फेरी लगाकर बेच रहा था गोमांस, घर−घर जाकर कर रहा था सप्लाई
कन्नौज का रहने वाला चांद अली बाइक से मैनपुरी जिले में आकर मांस की बिक्री कर रहा था। घरों में जाकर वो मांस की सप्लाई कर रहा था जिसके बाद गांव वालों को कुछ संदेह हुआ। उन्होंने उसकी फेरी की बोरी चेक की तो उसमें मांस था लेकिन शक होने पर पुलिस को बुलाया और पशु चिकित्सक को मांस दिखाया तो ये गोमांस निकला।
संसू, जागरणlअजीतगंज (मैनपुरी)। कन्नौज का गोकश सोमवार शाम एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाबांस में फेरी लगाकर गोमांस बेच रहा था। पुलिस ने उसे पांच किलो गोमांस सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गोमांस खरीदारों के नाम पुलिस को बताए हैं। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है।
सोमवार शाम करीब तीन बजे एक युवक बाइक से एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाबांस पहुंचा। उसकी बाइक पर एक बोरी बंधी थी। इस दौरान वह बोरी लेकर मुस्लिमों के अलग-अलग घरों में जा रहा था। लोगों को संदेह हुआ ताे पास जाकर बोरी का निरीक्षण किया। उसमें गोमांस भरा था। तब तक वह 10 किलो से अधिक गोमांस बेच चुका था।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को बुलाया
ग्रामीणों ने उसे पकड़ कर एलाऊ पुलिस चौकी पर सूचना दी। करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी में उसके कब्जे से पांच किलो गोमांस बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम चांद अली निवासी छिबरामऊ कन्नौज बताया।
दस किलो गोमांस बेच चुका था
आरोपित ने स्वीकार किया कि वह छिबरामऊ से 15 किलो गोमांस बेचने के लिए लाया था। जिसमें से 10 किलो गोमांस बेच चुका है। वह पूर्व में भी कई बार इलाबांस के अलावा अन्य इलाकों में गोमांस की बिक्री कर चुका है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ेंः UP News: धमाके से दहले दिल, मलबे में दबीं जिंदगियां; शिकोहाबाद में सोते समय हादसा, चीखने का भी नहीं मिला मौका
पशु चिकित्सक ने की गोमांस की पुष्टि
पशु चिकित्सक रणवीर शाक्य द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में बरामद मांस के गोमांस होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मांस का नमूना लेकर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा है। शेष मांस को गड्ढे में दबा दिया गया है। प्रभारी एसओ एलाऊ धर्मवीर ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। गोमांस की खरीद करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।