सेंट्रल एक्साइज निरीक्षक ने गोली मारकर की खुदकुशी
भोगांव (मैनपुरी) फीरोजाबाद में तैनात सेंट्रल एक्साइज निरीक्षक अमित मिश्रा ने शनिवार की रात यहां अपने घर में खुद को गोली मारकर जान दे दी। खुदकुशी के पीछे कारण अज्ञात है। कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
संसू, भोगांव (मैनपुरी): फीरोजाबाद में तैनात सेंट्रल एक्साइज निरीक्षक अमित मिश्रा ने शनिवार की रात यहां अपने घर में खुद को गोली मारकर जान दे दी। खुदकुशी के पीछे कारण अज्ञात है। कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
नगर के मुहल्ला बक्कालान निवासी अमित कुमार मिश्रा (42) दो दिन की बंदी होने की वजह से शुक्रवार रात फीरोजाबाद से घर आ गए थे। शनिवार की रात अमित कुमार मिश्रा खाना खाकर ऊपरी मंजिल के कमरे में जाकर सो गए। रविवार सुबह जब पिता प्रेमप्रकाश मिश्रा चाय लेकर उनके कमरे में पहुंचे तो अमित का शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। पास में ही पिस्टल पड़ी थी। सूचना पर पहुंचे सीओ प्रयांक जैन, इंस्पेक्टर पहुप सिंह व कस्बा इंचार्ज भूपेंद्र सिरोही ने मामले की जानकारी जुटाई। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। मृतक के स्वजन खुदकुशी के बारे में कोई अहम जानकारी पुलिस को नहीं दे सके हैं। अमित वर्ष 2009 में सेंट्रल एक्साइज निरीक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। लगभग तीन वर्ष पूर्व इनकी मां कमलेश कुमार मिश्रा का निधन हो चुका है। अमित तीन भाइयों में सबसे बड़े थे।
पिस्टल के बारे में जुटाई जाएगी जानकारी
इंस्पेक्टर के शव के पास पुलिस को मिली पिस्टल फैक्ट्री मेड है। स्वजन के मुताबिक यह इंस्पेक्टर की है। इंस्पेक्टर पहुप सिंह ने बताया कि विभाग ने अमित मिश्रा को पिस्टल एलॉट नहीं की है। पिस्टल के बारे में और खुदकुशी करने के कारणों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी।