जो हमारा था वही सामान लाए: अखिलेश
मैनपुरी: सरकारी आवास को तहस-नहस कर सामान ले जाने के आरोपों से घिरे पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को जवाब दिया।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी: सरकारी आवास को तहस-नहस कर सामान ले जाने के आरोपों से घिरे पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को जवाब दिया। उन्होंने कहा, जो सामान हमारा था हम वह ही लेकर आए हैं। भाजपाई सामान ले जाने की अफवाह फैलाकर हमें बदनाम करना चाहते हैं, चुनाव तक वह ऐसा करते रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री यहां एक प्रतिमा का अनावरण समारोह में आए थे। इस मौके पर जनसभा को संबोधित में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग में अब भी हमारी खरीदी हुई जाली, झूमर लगे हैं। हमारे लगाए पेड़ व मंदिर हैं। उन्होंने कहा कि वह कहते हैं कि हम नलों की टोंटी ले गए, हम लखनऊ जाएंगे और अच्छी टोंटी खरीदकर उन्हें दे देंगे। मुख्यमंत्री हमें अपने सामान की सूची दे दें, हम अपने सामान की दे देंगे। वह हमारा सामान वापस कर देंगे, हम उनका सामान लौटा देंगे। बसपा से गठबंधन के सवाल पर वह बोले कि हम थोड़ा अपमान सहकर भी गठबंधन करेंगे।