पीला ईट और रेता से पुलिया का कर दिया निर्माण
विकास खंड जागीर क्षेत्र के नगरिया रजबहा की पांच पुलिया के निर्माण में घटिया सामग्री खपा दी गई। रजबहा की सफाई न होने से खेतों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
संसू, अजीतगंज, मैनपुरी: खेतों की सिचाई के लिए सरकार साल-दर-साल खजाना खोलती हैं। इसके बाद भी विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की साठगांठ से किसानों को खेती के लिए पानी नहीं मिल रहा है। नगरिया रजबहा की पांच पुलिया बनाने में घटिया सामग्री खपा दी गई। अब, माइनर में पड़ी बेकार सामग्री पानी का प्रवाह रोक रही है।
विकास खंड जागीर क्षेत्र के नगरिया रजबहा स्थित गांव फरीदपुर के समीप विभाग ने पुलिया निर्माण को ठेका दिया था। गांव राजलपुर से एलाऊ तक विभाग द्वारा रजबहा में पांच पुलियों का निर्माण कराया गया, लेकिन विभागीय साठगांठ के चलते ठेकेदारों ने गुणवत्ता अनुसार सामग्री का उपयोग नहीं किया। अब, जिन स्थानों पर पुलियों का निर्माण हुआ है, वहां ईटें और मिट्टी रजबहा में पड़ी हैं, जिसके कारण आगे टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। पुलिया जल्द ही ढहने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि रजबहा में पानी बहाव रुकने की मुख्य वजह जगह जगह उगी झाड़ियां हैं। सिल्ट सफाई के समय झाड़ियों को नहीं काटा गया। रात के समय शरारती तत्व राजलपुर गांव से बीरमपुर तक रजबहा में जगह-जगह बंध लगा देते हैं। इससे किसानों की धान की फसल सूखने के कगार पर हैं। फसल बचाने को दो सौ रुपया प्रति घंटा चुका कर सिचाई करनी पड़ रही है। किसानों ने डीएम से पुलिया निर्माण की जांच करवाने और रजबहा में पानी छुड़वाने की मांग की है। मांग करने वालों में अशोक चौहान, प्रवीण राजपूत, शेखर प्रजापति, संदीप चौहान, ऋषि पाल, सिटू, लालजीत वर्मा, प्रमोद कुमार, टिकू पाल, अलकेश सिंह, अमनेस पाल आदि शामिल हैं।