फोरलेन पर ब्रेकर ने ली महिला की जान
फोरलेन सड़क पर मनमाने ढंग से बनवाया गया स्पीड ब्रेकर काल बन बैठा।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता : फोरलेन सड़क पर मनमाने ढंग से बनवाया गया स्पीड ब्रेकर महिला का काल बन गया। भैया दूज पर अपने पुत्र के साथ मायके जा रही महिला की ब्रेकर से टकराकर मौत हो गई।
कस्बा कुरावली के मुहल्ला सराय लतीफ की अनारा देवी (50) पत्नी अनार ¨सह शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे अपने पुत्र आनंद के साथ भैया दूज करने बाइक से अपने मायके गांव दासपुर, थाना एलाऊ जा रहीं थीं। मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर गांव रमईहार के पास कुछ दिन पहले ही ग्रामीणों ने अवैध रूप से ब्रेकर बना दिया था। आनंद को इस ब्रेकर की जानकारी नहीं थी। आनंद बाइक को चलाते हुए ब्रेकर के ऊपर से गुजरे। ब्रेकर ऊंचा होने के कारण बाइक में तेज झटका लगा, जिससे अनार देवी बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़ी। गिरते ही अचेत हो गई। मौके पर कुछ लोग पहुंच गए, जिनकी मदद से अनार देवी को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
भैया दूज पर महिला की मौत की सूचना सुनकर मायके वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। क्योंकि घटना में अन्य कोई वाहन संलिप्त नहीं था। इसलिए परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराना उचित नहीं समझा। शव को बिना पोस्टमार्टम के ही वापस ले गए।