बीएलओ रहे मौजूद, मतदाता गायब
दिव्यांग और महिला मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम बढ़वाने व संशोधन कराने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बीएलओ तो बूथों पर मुस्तैद मिले, मगर मतदाता नहीं पहुंचे।
मैनपुरी : चुनाव आयोग हर वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कटिबद्ध है। महिलाओं और दिव्यांगों को इसमें विशेष तरजीह दी जा रही है। हालांकि नागरिक इसे लेकर उदासीन ही दिख रहे हैं। विशेष अभियान में भी यही स्थिति नजर आई।
आयोग के निर्देश पर शनिवार को दिव्यांग और महिला मतदाताओं के लिए विशेष दिवस तय किया गया था। हर बूथ पर बीएलओ को उपस्थित रहना था। बीते विशेष दिवस में मनमानी दिखाने वाले बीएलओ शनिवार को मुस्तैद दिखे। सुबह 11.45 बजे नगाल नया दीवानी रोड के मतदान बूथ पर बीएलओ उपस्थित थीं, परंतु वहां सन्नाटा था। पूछने पर बताया गया कि तब तक एक भी नागरिक अपना नाम चेक करने नहीं आया है, न ही कोई नाम बढ़वाने के लिए। दोपहर 12.15 बजे यदुवंश नगर मतदान बूथ पर बीएलओ मौजूद मिलीं। एक महिला ने मतदाता सूची में नाम बढ़वाने को आवेदन किया, हालांकि उसका नाम पहले से ही सूची में शामिल था। नगला निरंजन, नगला शिवलाल और भोजपुरा के मतदान बूथों पर भी बीएलओ मौजूद मिले, परंतु वहां भी मतदाता नहीं थे। बीएलओ ने बताया की लोगों में जागरूकता की कमी है, दिव्यांग और महिलाओं के लिए विशेष अभियान है और वही नहीं आ रहे हैं। अब घर-घर सत्यापन के दौरान उनके नाम बढ़ाने का काम किया जाएगा।