मैनपुरी में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर: भजन गायक की मौत, सिपाही सहित दो घायल
मैनपुरी में किशनी-समान मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक भजन गायक की मौत हो गई। इस हादसे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
मैनपुरी में किशनी-समान मार्ग पर दो बाइकों की भीषण टक्कर।
भजन गायक छेदालाल सक्सेना की हादसे में दुखद मृत्यु हो गई।
उनके साथी और सिपाही गंभीर घायल, सैफई रेफर किए गए।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। किशनी-समान मार्ग पर बुधवार तड़के चार बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक बाइक सवार बुजुर्ग भजन गायक, उनके साथी और दूसरी बाइक पर सवार सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को सीएचसी लाया गया। यहां डॉक्टरों ने भजन गायक को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य दोनों घायलों आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई रेफर कर दिया गया।
थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम बसैंत निवासी छेदालाल सक्सेना धार्मिक कार्यक्रमों में भजन गायन और हारमोनियम बजाने का काम करते थे।
मंगलवार को वह गांव के ही संजीव दुबे और गांव फरेंजी निवासी शिवम चतुर्वेदी के साथ कटरा समान में आयोजित गणेश महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करने गए थे। बुधवार सुबह करीब तीन बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों वापस लौट रहे थे।

मृतक की फाइल फोटो।
समान कटरा में गणेश महोत्सव में कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर गांव लौट रहे थे गायक
किशनी जटपुरा चौराहे पर पहुंचने के बाद शिवम चतुर्वेदी अपनी स्कूटी से अपने गांव चला गया। जबकि छेदालाल और संजीव दुबे एक बाइक से आगे बढ़े। इसी दौरान छेदालाल के पुत्र बालगोविंद सक्सेना ने जो दिल्ली से अपनी दवा लेकर लौटा था ने फोन कर बताया कि वह किशनी रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ा है और उसे भी साथ ले लें।
करीब चार बजे छेदालाल बाइक चलाकर जैसे ही प्राइवेट बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
यह भी पढ़ें- UP Weather: आज से बारिश का नया दौर शुरू, लखनऊ समेत 40 जिलों में होगी अच्छी बरसात
भजन गायक के साथी सहित दूसरी बाइक पर सवार सिपाही भी गंभीर घायल
दूसरी बाइक पर आगरा के थाना कागारौल अंतर्गत नगला बिरजा निवासी सुंदर सिंह पुत्र श्याम सिंह सवार थे। सुंदर सिंह फर्रुखाबाद कोतवाली में सिपाही के पद पर तैनात हैं और अवकाश लेकर अपने घर जा रहे थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने छेदालाल सक्सेना को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायल संजीव दुबे और सिपाही सुंदर सिंह को बेहतर इलाज के लिए मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया है।
