दीवार ढहने से मामा-भांजी की मौत, एक घायल
कुरावली संसू। क्षेत्र के गांव तिमनपुरा में दीवार ढहने से खाना बना रही गर्भवती महिला घायल हो गई। उसकी मासूम बेटी और नाबालिग भाई की मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
संसू, कुरावली: क्षेत्र के गांव तिमनपुरा में दीवार ढहने से मामा-भांजी की मौत हो गई, जबकि गर्भवती महिला घायल हो गई। हादसा होने से गांव में अफरातफरी मच गई। आननफानन में घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
तिमनपुरा निवासी मुरारीलाल की विवाहित पुत्री सुनीता पत्नी सुदीप निवासी नगला मंते थाना किशनी कुछ दिन पहले ही पिता के घर आई थी। वह गर्भवती है। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह कच्ची दीवार पर रखे छप्पर में खाना बना रही थी। उनकी तीन वर्षीय पुत्री लाड़ो वहीं खेल रही थी जबकि उनका 17 वर्षीय भाई नितिन पास में ही बैठकर खाना खा खा रहे थे। कुछ ही देर में अचानक दीवार ढह गई, जिससे तीनों मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे तीनों लोगों बाहर निकाला। बच्ची लाड़ो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनीता व नितिन को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को सैफई रेफर कर दिया गया। सैफई में नितिन को मृत घोषित कर दिया गया। सुनीता की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सुनीता के ससुराल पक्ष के लोग गांव तिमनपुर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद बालिका के शव को अपने गांव नगला मंते ले गए हैं। वहीं नितिन के शव का पोस्टमार्टम इटावा में किया गया है। गांव के लोग शाम तक शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। नितिन के घर संवेदना जताने वालों की भीड़ जमा थी।
एसडीएम कुरावली अनूप कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी की। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की। एसडीएम ने आश्वासन दिया है।