आंधी ने उड़ाया बिजली का करंट, 30 पोल टूटे
बेवर और सिविल लाइन में 33 केवी सप्लाई में हुआ ब्रेक डाउन कुसमरा समेत कई दूसरे कस्बों में भी 10 से 12 घंटों तक ठप रही आपूर्ति।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। शुक्रवार रात आई तेज आंधी और रिमझिम ने जिले में बिजली का करंट उड़ा दिया। सबसे ज्यादा प्रभावित सिविल लाइन और बेवर उपकेंद्र हुए। बेवर क्षेत्र में 30 खंभे टूटने के साथ 33 केवी सप्लाई लाइन में फॉल्ट हो गया।
आंधी थमने के बाद सप्लाई चालू की तो ज्यादातर क्षेत्रों में फॉल्ट मिला। शहर में पावर हाउस से आपूर्ति तो लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद चालू कर दी गई। सिविल लाइन, बेवर और दूसरे उपकेंद्रों से सप्लाई में व्यवधान आया। सबसे ज्यादा नुकसान बेवर क्षेत्र में हुआ है। यहां 33 केवी उपकेंद्र बेवर, 11 केवी उपकेंद्र चिलौंसा और गढि़या छिनकौरा से सप्लाई लाइन में ब्रेक डाउन होने से एक सैकड़ा से ज्यादा गांवों की आपूर्ति बंद हो गई। 30 खंभे टूटने से बिजली के तार भी ध्वस्त हो गए। शुक्रवार की रात से गुल बिजली शनिवार दोपहर तक बहाल नहीं हो सकी। कुसमरा में शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे से गुल बिजली 13 घंटों बाद शनिवार सुबह 10 बजे सुचारू हो सकी। किशनी और करहल में भी विद्युतापूर्ति पर प्रभाव पड़ा। अधीक्षण अभियंता उमेश चंद्र वर्मा का कहना है कि आंधी की वजह से दो उपकेंद्रों से सप्लाई प्रभावित हुई है। विभागीय टीमों को फॉल्ट सुधारने के लिए लगाया गया है। बहुत से क्षेत्रों को आपूर्ति सुचारू करा दी गई है। शेष जिन क्षेत्रों में खंभे टूटे हैं, वहां नए खंभे लगवाने के साथ तार बिछवाए जा रहे हैं।