बारिश से दो मकान ढहे, हजारों की क्षति
जागरण संवाददाता, महोबा : बारिश जहां लोगों को राहत दे रही है तो वहीं कुछ लोगों को इस
जागरण संवाददाता, महोबा : बारिश जहां लोगों को राहत दे रही है तो वहीं कुछ लोगों को इससे आफत का सामना करना पड़ रहा है। सर्वाधिक समस्या कच्चे मकान वालों को हो रही है। बीती रात हुई रिमझिम बारिश के कारण पनवाड़ी व महोबा में दो कच्चे मकान ढह जाने से गृहस्वामियों को हजारों की क्षति का सामना करना पड़ा। पीड़ितों ने क्षति का आकलन कराकर उसका मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
शहर के पिटाकपुरा निवासी सुभाष चौरसिया का मकान बीती रात हुई बारिश के चलते ढह गया। कच्ची दीवारें होने के कारण मकान गिरने से उसे हजारों की क्षति का सामना करना पड़ा है। हालांकि इससे घर में मौजूद लोग बच गए। पीड़ित सुभाष चौरसिया ने बताया कि पहले भी उसका मकान गिर गया था लेकिन उसका कोई मुआवजा नहीं मिला। जैसे-जैसे मकान का क्षतिग्रस्त हिस्सा बनवाया था लेकिन इस बार भी यह बारिश में ढह गया। उधर पनवाड़ी के बैंदों गांव निवासी मनोज साहू का मकान गिर गया। मनोज मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था और मकान गिरने से उसकी गृहस्थी बर्बाद हुई और रहने का संकट भी खड़ा हो गया है। उसकी पत्नी गुड्डे व दो बच्चों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने क्षति का आकलन कराकर उसे मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।