शासन के आदेश की प्रतीक्षा में आठ घंटे लटकी कांफ्रेंस
जागरण संवाददाता महोबा कबरई के व्यापारी प्रकरण को लेकर एडीजी के निर्देश पर शुक्रवार
जागरण संवाददाता, महोबा : कबरई के व्यापारी प्रकरण को लेकर एडीजी के निर्देश पर शुक्रवार को एसआइटी के साथ पुलिस लाइन में दोपहर दो बजे ही प्रेस कांफ्रेंस रखी गई थी, जो आठ घंटे के बाद दस बजे हो सकी। तय समय पर मीडिया पहुंच गई। बाहर मीडियाकर्मी इंतजार कर रहे थे तो अंदर अधिकारी गहन मंत्रणा में जुटे थे। पूछने पर यही बताया जा रहा था कि अभी शासन स्तर से बातचीत हो रही है। जल्द ही अधिकारी बाहर आएंगे।
शुक्रवार दोपहर महोबा पुलिस मीडिया सेल से एक संदेश डाला गया कि एडीजी और एसआइटी के मौजूदगी में कबरई प्रकरण को लेकर प्रेस कांफ्रेंस होगी। सभी मीडिया बंधु दोपहर दो बजे पुलिस लाइन पहुंच जाएं। करीब एक बजे से ही मीडिया की भीड़ जुटने लगी। दो बजते-बजते हॉल पूरी तरह फुल हो गया। चार बजे एक अधिकारी बाहर आए और बोले, अब कांफ्रेंस शाम सात बजे होगी। सात बजे जब मीडियाकर्मी पहुंचे तो कोई अधिकारी नौ बजे तक भी बाहर नहीं निकला। मीडियाकर्मी साढ़े नौ बजे के करीब उठकर जाने लगे, तभी अंदर से एक अधिकारी आए। बोले, रुको..जल्द कांफ्रेस होगी। सूत्रों से पता चला कि एडीजी और एसआइटी के अधिकारी शासन के आदेश को लेकर उहापोह में थे। चर्चा यह भी रही कि पहले यह कांफ्रेंस लखनऊ में होनी थी, लेकिन किसी कारणवश महोबा में की गई। इस मामले में एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी अधिकारी दोपहर में आ गए थे। कई मामलों पर विचार विमर्श हो रहा था, इसी को लेकर देर से कांफ्रेंस हो सकी थी।