पंचायत को सशक्त बनाने में महिलाओं की भूमिका जरूरी
जागरण संवाददाता महोबा ग्रामोन्नति संस्थान की ओर से आयोजित मेरी पंचायत मेरी शक्ति कार्यक्रम क
जागरण संवाददाता, महोबा: ग्रामोन्नति संस्थान की ओर से आयोजित मेरी पंचायत मेरी शक्ति कार्यक्रम के अंर्तगत बुधवार को महिला सशक्तीकरण में पंचायत की भूमिका को लेकर शहर के गेस्ट हाउस में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। शुभारंभ पंचायत सदस्यों व समूह की महिलाओं ने दीप जलाकर किया।
कार्यक्रम की प्रेरक ममलेश विश्वकर्मा ने कहा कि एक साल से पंचायत में चुनी गई महिला सदस्यों को बैठक और प्रशिक्षण के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। संस्था के निदेशक डा. अरविद खरे ने कहा कि सभी महिलाएं एवं किशोरियां एक दूसरे को जाने और नई नई जानकारी हासिल कर अपना कौशल एवं ज्ञान बढ़ाकर आत्मनिर्भर बने। संस्था की कोर टीम द्वारा बाल विवाह एवं सामाजिक कुरीतियों पर नाटक दिखाया गया। नई दिल्ली की क्रिया संस्था से कल्पना खरे ने कहा कि सभी महिलाओं को संगठित होना चाहिए। कार्यक्रम में शिवकुमार गोस्वामी, रमेश जैदका, कहकशा जलाल ने विचार प्रस्तुत किए। सम्मेलन में 30 गांवों की सैकड़ों महिलाओं ने सहभागिता की।