युवक के हत्यारोपितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जेल
संवाद सहयोगी कबरई (महोबा) भगत सिंह नगर निवासी युवक हिम्मत के तीनों हत्यारोपितों को पुि
संवाद सहयोगी, कबरई (महोबा) : भगत सिंह नगर निवासी युवक हिम्मत के तीनों हत्यारोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की निशानदेही पर चारपाई भी झाड़ियों से बरामद कर ली गई है। वहीं, पूछताछ के बाद आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
कबरई थानाध्यक्ष दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपितों को गुरुवार शाम करीब चार बजे बांदा रोड में बघवा मोड़ से पकड़ा। यह वहीं छिपे हुए थे। शनिवार 17 अक्टूबर को रात करीब 11 बजे घर से गायब हुए युवक का 20 अक्टूबर को मुहल्ले के ही तालाब से शव बरामद हुआ था। उसके रस्सी से हाथ पैर बंधे हुए थे। गले में रस्सी से कसे जाने के निशान होने से मारकर शव छिपाने की बात सामने आई थी। दिवंगत की मां शोभारानी ने मुहल्ले के कमतू उर्फ कामता तथा लक्ष्मण प्रजापति और राठ चुंगी महोबा निवासी राजेंद्र प्रजापति पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर कबरई पुलिस को सौपी थी। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। गुरुवार को तीनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तथा उनकी निशानदेही पर वह चारपाई भी तालाब के पास की झाड़ियों से बरामद कर ली है जिसकी निवाड़ (रस्सी) निकालकर मृतक के हांथ पैर बांधे गए व हत्या की गई थी। गिरफ्तार करने वाली टीम में एस आइसुरेश सिंह, सिपाही नईम मुहम्मद व कृष्ण चंद्र त्रिपाठी रहे।