जिला अस्पताल में जेबकतरे को पकड़ा, की पिटाई
जिला अस्पताल में चारो ओर अव्यवस्थाएं फैली हुई है। आए दिन बाइक चोरी होना मरीजों तीमारदारों की जेब कट जाना जैसी घटनाएं आम हैं। शनिवार को एक तीमारदार के पास बैठा जेबकतरा रंगे हाथों पकड़ गया। लोगों ने उसे मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जागरण संवाददाता, महोबा : पूरे जिला अस्पताल परिसर में दो से तीन होमगार्डो की ड्यूटी लगाई जाती है। जो ओपीडी में टाइम पास करते रहते हैं।
शनिवार को कल्याण सागर निवासी अमृतलाल अपनी बहू सुनीता को जिला अस्पताल दिखाने आए थे। भीड़ अधिक होने के चलते वह कुर्सी पर बैठ गए। कुछ देर बाद वहां पर एक जेबकतरा आकर उनसे बाते करने लगा। जब अमृतलाल मुंह घुमाकर किसी से वार्तालाप करने लगे तो जेबकतरे ने उनके कुर्ते की जेब में हाथ डाला और जैसे ही रुपये निकालने लगा तो उसने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने जेबकतरे का गिरेबान पकड़ कर उसे थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद तो लोगों ने जेबकतरे की पिटाई कर दी। बाद में होमगार्ड के हवाले कर दिया। जेबकतरे ने अपना नाम राजेंद्र तिवारी निवासी आलमपुरा बताया। होमगार्ड ने उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।