हादसे को दावत दे रहे खुले नाले
जागरण संवाददाता, महोबा : शहर का सुभाषनगर वार्ड अन्य वार्डो की तुलना में बड़ा है। यहां के
जागरण संवाददाता, महोबा : शहर का सुभाषनगर वार्ड अन्य वार्डो की तुलना में बड़ा है। यहां के लोग सालों से बदहाल सफाई व्यवस्था से जूझ रहे हैं। इसका अहम कारण है कि इतने बड़े वार्ड में सफाई व्यवस्था का जिम्मा कुल तीन सफाई कर्मियों पर है। यहां खुले पड़े नाले हादसे को दावत दे रहे हैं। इनमें गंदगी बजबजाने से लोगों की मुसीबतें बढ़ रही हैं। हालांकि कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था से लोगों को कुछ हद तक राहत मिली है। लोगों का कहना है कि समस्या का पूरी तरह समाधान होना चाहिए। उधर सभासद वार्ड के बेहतर विकास और समस्याओं के शीघ्र समाधान की बात कहते हैं। वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था शुरू होने से लोगों को गंदगी से कुछ हद तक राहत मिली है लेकिन जगह-जगह अब भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह से निपटनी चाहिए। जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
-दिलीप सोनी।
बीजानगर रोड पर नाले में जलभराव की समस्या रहती है। नालों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और ज्यादातर नाले खुले होने के कारण यह हादसों को दावत दे रहे हैं। इस दिशा में पहल करके समस्या का समाधान करना चाहिए।
-राम प्रताप पांडेय।
वार्ड में केवल 3 सफाई कर्मी हैं जिससे सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आबादी के हिसाब से सफाई कर्मी होने चाहिए। जिससे समस्या पूरी तरह निपट सके। कल्याण सागर तालाब के घाटों में गंदगी है, यहां भी व्यवस्था दुरुस्त हो। - नारायण यादव।
क्या कहते हैं सभासद
सफाई व्यवस्था के लिए और कर्मचारियों की मांग की गई है। जल्द ही समस्या का पूरी तरह से समाधान करा दिया जाएगा। प्रकाश व्यवस्था के लिए 36 मरकरी व 20 विद्युत पोल लगवाए गए हैं। कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। कचरा गाड़ी रोज आ रही है। कल्याण सागर के पास गंदगी की समस्या का जल्द ही समाधान कराया जाएगा। वार्ड का विकास और समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता है।
- ख्यालीराम श्रीवास, सभासद।