अब हाई मास्ट लाइटों से जगमगाएगा महोबा
अजय दीक्षित महोबा महोबा शहर में जल्द ही हाई मास्ट लाइटें लगेंगी। इसके लिए नगरपालिका की
अजय दीक्षित, महोबा : महोबा शहर में जल्द ही हाई मास्ट लाइटें लगेंगी। इसके लिए नगरपालिका की ओर से डीएम के निर्देश पर प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है। बजट तय करने के बाद उसे पोटर्ल पर अपलोड किया जा चुका है। जल्द ही लाइटें आ जाएंगी। उन्हें कहां लगाया जाना है इसके लिए स्थानों का चयन अभी होना है।
शहर में रात के समय बहुत से ऐसे स्थान हैं जहां रोशनी पर्याप्त नहीं रहती। जो लाइटें लगी हैं उससे बड़ा ऐरिया होने के कारण अधिकांश में अंधेरा ही बना रहता है। इसे देखते हुए डीएम सत्येंद्र कुमार ने नगरपालिका महोबा ईओ को निर्देश किया कि शहर में कम से कम चार हाई मास्ट लगाने की व्यवस्था करें।
स्थान का चयन भी करने के लिए निर्देश दिए। साथ ही कहा गया कि उन स्थलों पर ही यह लाइटें लगाई जाएं जहां आम जनता का देर रात तक ठहराव होता हो। इन लाइटों के पोल की ऊंचाई करीब चालीस फीट रहेगी। नगरपालिका अध्यक्ष दिलाशा तिवारी ने बताया कि महोबा शहर में फिलहाल चार हाई मास्ट लगाने का प्रस्ताव तैयार हो चुका है। इसमें एक लाइट की कीमत 11 लाख रुपये आ रही है। इस तरह चार लाइटें 44 लाख की लागत से लगाई जा रही हैं। इसमें स्थान का चयन करने के लिए ईओ को निर्देशित किया गया है। शहर की बदलेगी छटा
शहर के प्रमुख स्थलों पर हाई मास्ट लाइटें लग जाने से अब यहां की छटा देखते ही बनेगी। आए दिन बिजली पोल में लगी लाइटों के खराब होने से अंधेरा हो जाने की शिकायत से भी निजात मिल जाएगी। पालिका की तरफ से इसके लिए संबंधित कंपनी से बातचीत हो चुकी है। अगले माह पोल व लाइटें आ जाने की उम्मीद है।