विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महोबा में दिल दहला देगा मां सनकीपन, घरेलू कलह में जन्मदिन से एक दिन पहले बेटी को फंदे से लटका मार डाला

Published: Wed, 15 Oct 2025 04:53 PM (IST)

महोबा में एक मां ने अपनी बेटी का जन्मदिन आने से एक दिन पहले उसे फांसी पर लटका दिया। पारिवारिक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. फंदे से उतारकर बेड पर लिटा देखती रही शव

  2. पति का आरोप-मायके वाले कहीं और कराना चाहते थे शादी

  3. पत्नी का आरोप- पति शराब पीकर करता था मारपीट

जागरण संवाददाता, महोबा। मां ने जिस बेटी को प्यार दुलार देकर उसका भरण पोषण किया। उसी मां ने ममता का गला घोंटकर जन्मदिन से एक दिन पहले उसे साड़ी के फंदे पर लटका दिया। वह खुद भी खुदकुशी करना चाहती थी पर हिम्मत नहीं जुटा सकी। फोन पर उसने पति को सूचना दी कि उसकी बच्ची मर गई। करीब दो घंटे तक वह बेटी के शव को देखती रही। स्वजन के मुताबिक इसके बाद फंदा अलग कर उसने बेटी को बेड पर लिटाया। सभी ने सोचा कि बच्ची सो रही है।

बाद में आरोपित मां ने ही अपने भाई को बताया कि उसने बिट्टो को मार दिया है। पति पत्नी के बीच फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और इसके बाद मां ने इस दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। पति का कहना है कि मायके पक्ष के लोग उसकी कहीं और शादी करना चाहते है। बच्ची बीच में आ रही इसलिए उसकी हत्या कर दी गई। वहीं पत्नी ने बताया कि पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। पुलिस ने आरोपित मां को गिरफ्तार किया है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है।


घटना शहर के मुहल्ला सुभाषनगर की है। यहां की निवासी 33 वर्षीय खुशबू की शादी 8 जुलाई 2022 में कस्बा चरखारी के मुहल्ला खंदिया निवासी अरविंद से हुई थी। उनके बेटी हुई और इसका नाम ऋषिका रखा। 15 अक्टूबर को वह पूरे एक साल ही होने वाली थी। लेकिन जिस दिन उसका जन्म हुआ उसके एक दिन पहले ही उसकी मौत हो गई।

खुशबू ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब पांच बजे उसने बेटी को फंदा लगाकर मार डाला। स्वजन मुताबिक वह खुद भी जान देना चाहती थी। लेकिन ऐसा नहीं किया। वह करीब दो घंटे तक बेटी के शव को लटकते देखती रही। शाम करीब 6.45 पर उसने फंदा अलग कर बेटी को बेड पर लिटाया। स्वजन ने सोचा की ऋषिका सो रही है। देर शाम उसने भाई पवन को बताया कि उसने बिट्टो को मार दिया है। तब स्वजन को जानकारी हुई और सूचना पुलिस को दी गई।

खुशबू का आरोप है कि पति कुछ काम नहीं करता और अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। मंगलवार को भी उसका पति से झगड़ा हुआ और उसने बेटी को मार डाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार किया। पति अरविंद के मुताबिक पत्नी ने उसे 5.44 पर सूचना दी कि उसकी बच्ची मर गई है। उसने पूछा कि कैसे तो उसने कुछ नहीं बताया। सास उमारानी ने फोन ले लिया और कहा कि खुशबू ने गला दबाकर उसे मार दिया है। पति ने बताया कि वह अभी मायके में थी और ससुराल जाती भी थी तो छत कूदकर भाग आती थी। कई बार ऐसा किया।

पत्नी कहती थी कि चरखारी में सब कुछ बेचकर महोबा में जमीन लेकर उसके साथ रहो। आरोप है कि पत्नी के साथ सभी लोग मिले है और वह खुशबू की शादी दूसरी जगह करना चाहते है। बच्ची बीच में आ रही थी तो उसकी हत्या कर दी। आरोपित की सास सुशीला का कहना है कि बहू उनके साथ नहीं रहता चाहती थी और 19 सितंबर को ससुराल की छत से कूदकर भाग आई थी। बच्ची का 15 अक्टूबर को जन्मदिन था।

वहीं आरोपित की मां उमारानी का कहना है कि वह मानसिक रूप से बीमार रहती थी और इलाज के बाद ठीक भी हो गई थी। 8-10 दिन से पति परेशान कर झगड़ रहा था। इसके बाद उसने यह कदम उठाया। वह खुद भी जान देना चाहती थी पर ऐसा नहीं कर सकी। पड़ोसियों की जुबां से बस यही निकला की पति पत्नी के झगड़े में आखिर मासूम का क्या दोष था।


.....महिला का पति से विवाद चल रहा था और इसी को लेकर वह अपने मायके रह रही थी। स्वजन ने बताया कि वह खुद भी जान देना चाहती थी। विवाद के चलते वह अवसाद में थी और इसी के चलते उसने यह कदम उठाया। शव को कब्जे लेकर आरोपित महिला को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- वंदना सिंह, एएसपी महोबा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।