उच्च न्यायालय के आदेश पर विवादित बाजार की माप
संवाद सहयोगी, कुलपहाड़: नगर का बहुचर्चित किशोर सागर भूमि विवाद एक बार फिर सुर्खियों म
संवाद सहयोगी, कुलपहाड़:
नगर का बहुचर्चित किशोर सागर भूमि विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। मुख्य बाजार में बनी कई दुकानों को लेकर संपत्ति का विवाद कई पक्षों में न्यायालय में विचाराधीन है। इसी को लेकर उच्च न्यायालय इलाहाबाद में जनहित याचिका दायर की गई है, इसको लेकर जिलाधिकारी सहित सरकारी अमला नाप में लगा रहा।
मुख्य बाजार में किशोर सागर के चारों ओर वर्षों से दुकानें बनी हुई हैं। जिनमें छह दुकाने दो मंजिला हैं। इन दुकानों को लेकर वर्षों से कई गांव पंचायतों के मामले न्यायालय में लंबित हैं। नगर पंचायत उक्त जमीन पर अपना दावा पेश करती रहा है। कुलपहाड़ निवासी शिवनारायण एवं अन्य ने उच्च न्यायालय इलाहाबाद में जनहित याचिका दायर कर उक्त विवाद को पुन: तूल दे दिया। माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने जिलाधिकारी महोबा को निर्देशित किया है कि उक्त भूमि पर निर्मित दुकानों की स्थिति के बारे में जानकारी दें। जिसको लेकर राजस्व विभाग की कई टीमों ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में नाप की। इसमें तहसीलदार कुलपहाड़ सुबोध मणि शर्मा भी उपस्थित रहे। तहसीलदार ने बताया की भूमि की पैमाइश कर सही स्थिति की जानकारी जिलाधिकारी को प्रेषित की जा रही है। जिस पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण नगर में काफी गहमागहमी बनी रही।