जनकल्याण दिवस के रूप में मना मायावती का जन्मदिन
जागरण संवाददाता, महोबा : शहर के आल्हा चौक स्थित आंबेडकर पार्क में मंगलवार को बहुजन समा
जागरण संवाददाता, महोबा : शहर के आल्हा चौक स्थित आंबेडकर पार्क में मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम मायावती का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का 63वां जन्म दिन कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। बसपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को आंबेडकर पार्क में जन कल्याणकारी दिवस समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में मंडल प्रभारी मधुसूदन कुशवाहा ने कहा कि मायावती के शासनकाल में अपराधियों को जेल की हवा खानी पड़ी। जोन इंचार्ज शिवदयाल रत्नाकर ने कहा कि मायावती ने सभी वर्गो के लिए योजनाएं चलाई थी। इसी तरह अशोक कुमार, कामता कुशवाहा, राजेंद्र सोलंकी, गंगादीन सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने अपने अपने विचार रखे। इसके बाद मायावती के 63वें जन्मदिन पर 63 किलो को केक काटा गया और मौजूद सभी लोगों का केक से मुंह मीठा कराया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों से भी कार्यकर्ता पहुंचे थे। संचालन जगदीश ने किया। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। जिलाध्यक्ष कमलेश वर्मा,अशोक कुमार वर्मा, कमलेश वर्मा, अशोक कुमार बौद्ध, कुंभकरण यादव, रघुवीर यादव, शिवकुमार राजपूत आदि मौजूद रहे।