नवरात्र के छठे दिन गूंजे मां कात्यायनी के जयकारे
जागरण संवाददाता, महोबा : शारदीय नवरात्र पर आस्था व भक्ति हिलोरे मार रही है। देवी मंदिरों
जागरण संवाददाता, महोबा : शारदीय नवरात्र पर आस्था व भक्ति हिलोरे मार रही है। देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में सुबह शाम की आरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मंगल कामना कर रहे हैं। मातारानी के जयकारों से मंदिर और देवी पंडाल गुंजायमान हो रहे है। शहर में चारों ओर भक्ति की बयार बह रही है। जगह जगह भंडारे चल रहे है। बड़ी चंद्रिका में लगे मेले में भी लोग जमकर खरीददारी कर रहे हैं।
शारदीय नवरात्र के छठे दिन भक्तों ने मां के षष्ठम स्वरूप मां कात्यायनी की आराधना की। सुबह से ही देवी मंदिरों में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने अपने अपने तरीके से तरह तरह के अनुष्ठान किए और मां की आराधना की। भारत के 51 शक्तिपीठों में शामिल मां बड़ी चंद्रिका मंदिर में सबसे ज्यादा भीड़ पूजा अर्चना करने के लिए जुट रही है। यहां की यज्ञशाला में ब्राम्हृणों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ हवन कराया जा रहा है। यहां पर सुबह शाम की होने वाली आरती में अपार भीड़ पहुंच रही है। दुर्गा सप्तशती, मंत्रोच्चारण, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड आदि अनुष्ठान भी प्रतिदिन कराए जा रहे हैं। दुर्गा पंडालों में भी महिलाएं, पुरुष और बच्चे शाम को मातारानी की झांकी देखने और आरती में शामिल होने के लिए पहुंच रहे है। पंडालों में विरामान देवी और आकर्षक सजावट देखने के लिए भी परिवार सहित लोग पहुंच रहे है। जगह जगह कन्याभोज और भंडारे आयोजित कराए जा रहे हैं। महाआरती में पहुंची हजारों की भीड़
शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका देवी की रविवार को महाआरती की गई। महाआरती में शामिल होने के लिए शाम से ही महिलाओं ने अपना अपना स्थान ले लिया। रात आठ बजे महाआरती शुरू हुई। इससे पूर्व नौ कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर विधि विधान से पैर धुलाकर भेंट दी गई। मां चंद्रिका देवी की 51 दिव्य ज्योती की आरती से महाआरती की गई। घंटा घड़ियाल और शंख ध्वनि के बीच महाआरती संपन्न कराई गई।