दलहन खरीद में धांधली पर किसानों का हंगामा
जागरण संवाददाता, महोबा : शासन और जिलाधिकारी के आदेश का पालन अधीनस्थ नहीं कर रहे है
जागरण संवाददाता, महोबा : शासन और जिलाधिकारी के आदेश का पालन अधीनस्थ नहीं कर रहे हैं। खरीद केंद्र के कर्मचारियों के द्वारा किसानों की उपज की खरीद में जमकर मनमानी की जा रही है। सोमवार को एक बार फिर किसानों ने खरीद न होने पर हंगामा काटा और केंद्र के बाहर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और अधिकारियों के आश्वासन पर किसान शांत हुए। किसानों का कहना था कि खरीद तो हो रही है लेकिन कुछ चहेते किसानों की उपज को ही खरीदा जा रहा है। कई दिन से यहां आ रहे हैं। उनकी उर्द-मूंग नहीं खरीदी जा रही है। करीब एक घंटे तक लगे जाम में वाहन चालकों को खासी असुविधा का सामना करना पड़ा। बता दें कि इसके पूर्व भी दो बार किसानों द्वारा जाम लगाया जा चुका है।
झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसानों द्वारा सोमवार को जाम लगाने की सूचना पर सदर कोतवाली के एसएचओ विक्रमाजीत ¨सह पहुंचे। किसानों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। किसानों ने उनके साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने थोड़ी सख्ती दिखाई तो किसान शांत हुए। उधर एसडीएम मृदुल चौधरी ने भी मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं के निदान का भरोसा दिलाया। खरीद केंद्र आए कुलपहाड़, खरेला, चरखारी, महोबा सहित दर्जनों गांवों के किसानों ने बताया कि कुछ चहेतों की ही फसल को खरीदा जा रहा है, जबकि वह कई दिनों से आ रहे हैं। अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया कि सभी की समय पर फसल खरीदी जाएगी और इसके बाद किसान शांत हो सके।