महोबा में मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे कर्मचारी
जागरण संवाददाता महोबा जिले में विभिन्न मांगों को लेकर बैंक एलआइसी व डाकघर कर्मी हड़
जागरण संवाददाता, महोबा : जिले में विभिन्न मांगों को लेकर बैंक, एलआइसी व डाकघर कर्मी हड़ताल पर रहे। कार्यालयों व गेट के बाहर कर्मियों ने प्रदर्शन किया और मांगों के निराकरण की आवाज बुलंद की। इस हड़ताल से बैंकों के कार्य पर खास प्रभाव नहीं पड़ा। कर्मियों ने कहा, अगर मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आगे भी प्रदर्शन किया जाएगा।
कानपुर डिवीजन इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले अध्यक्ष तनजीम अख्तर व सचिव सुरेश सोनी के नेतृत्व में एलआइसी कर्मी हड़ताल पर रहे। उन्होंने शासन से मांग की है कि एलआइसी के आईपीओ लाने का फैसला जल्द से जल्द वापस लिया जाए। नई पेंशन को वापस लेकर पुरानी पेंशन बहाल की जाए। साथ ही हाल ही में हुई आठ हजार नए सहायकों की भर्ती के बाद एनपीएस के दायरे में एक बड़ी संख्या आती है, जिसको पुरानी पेंशन का लाभ दिलाया जाए। उधर सरकार की कर्मचारी नीति के विरोध में नेशनल फेडरेशन ऑफ पोस्टल इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले डाकघर कर्मियों ने हड़ताल की। उन्होंने डाक विभाग के कैडर पुनगर्ठन के प्रस्तावों को अंतिम रूप देना, सभी ग्रुप बी व सी कर्मचारियों को पांच समयबद्ध पदोन्नति प्रदान करने, समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने, रेलवे, रक्षा और डाक विभागों का निजीकरण बंद करने सभी 14 सूत्रीय मांगों के निस्तारण की आवाज उठाई। सात सूत्रीय मांगों को लेकर इलाहाबाद बैंक स्टाफ एसोसिएशन द्वारा भी नई पेंशन योजना समाप्त करने सहित अन्य पांच मांगों को लेकर हड़ताल की गई।
लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) आशीष विवेक ने बताया कि सभी बैंकों के यूनियन की हड़ताल थी। इससे बैंक के कामकाज पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा।