बदली सोच तो शौचालय भी बदल गए
जागरण संवाददाता, महोबा : स्वच्छ भारत मिशन के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़े, लोग उसे समझें,
जागरण संवाददाता, महोबा : स्वच्छ भारत मिशन के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़े, लोग उसे समझें, देखें और दूसरों को वैसा करने के लिए प्रेरित करें। इसके लिए नगर पालिका ने सबसे पहले बदहाल शौचालय का कायाकल्प करके उसे रंगरोगन से सजाया है। विभिन्न स्लोगन, कलाकृतियां उकेरी गई हैं। अभी तक पालिका जिस सुलभ शौचालयों की सुधि नहीं ले रही थी और अनदेखी से वह बदहाल हो रहे थे। उन्हें को अब ऐसे संवार दिया गया है कि लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं। साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की सुविधा से शहर सुंदर दिखने लगा है।
शहर के मदनसागर के पास बना सुलभ तोड़ कर नया नहीं बना है, यही वही शौचालय है जो सालों से बदहाल पड़ा था। बस फर्क है तो सोच का और वह सामने दिख भी रहा है। शहर को बेहतर बनाने का जो संकल्प लिया गया था उसे नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष दिलाशा सौरभ तिवारी ने उस दिशा में काम शुरू कर दिया है। सुलभ शौचालय का कायाकल्प ही नहीं कराया बल्कि बाहर से उसे रंगीन चित्रों से सजा दिया गया है। पालिकाध्यक्ष का कहना है कि सफाई व्यवस्था और स्वच्छ भारत मिशन को साकार करना उनकी पहली प्राथमिकता है। पालिका ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए व्यवस्था कराई है जिसके तहत कर्मी घर-घर कूड़ा एकत्र कर रहे हैं। गलियों और सड़कों की सफाई व्यवस्था में इसका असर दिख रहा है। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि सौरभ तिवारी व ईओ लालचंद्र सरोज ने कहा है कि आगे जो भी जरूरी होगा किया जाएगा।