विदाई के समय मधुमक्खियों ने किया हमला, कई घायल
जागरण संवाददाता, महोबा: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किड़ारी निवासी हल्के की पुत्री रजनी की शा
जागरण संवाददाता, महोबा: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किड़ारी निवासी हल्के की पुत्री रजनी की शादी समारोह मंगलवार को हुआ। बुधवार दोपहर को बरात विदा हो रही थी। इसी दौरान किसी ने पत्थर मारकर मधुमक्खी उड़ा दी। मधुमक्खी के हमले से भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों ने दर्जनों लोगों को घायल कर दिया।
ग्राम किड़ारी में मंगलवार को शादी समारोह हुआ। मध्य प्रदेश के खजुराहो से बारात आई थी। शादी होने के बाद बुधवार की दोपहर को हल्के अपनी पुत्री को विदा कर रहे थे। माहौल गमगीन और सब के आंखों में आंसू थे। तभी पास के पेड़ में लगे मधुमक्खी के छत्ते में किसी ने पत्थर मार दिया। पत्थर मारते ही मधुमक्खियों से अफरा तफरी मच गई। बराती और जनाती इधर उधर भागने लगे। भगदड़ में भी कुछ लोग घायल हो गए। मधुमक्खियों ने दर्जनों जनातियों और बरातियों को घायल कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में 50 वर्षीय हल्के पुत्र छिनमन, उसका पुत्र 17 वर्षीय वीरू निवासीगण किड़ारी, 22 वर्षीय भज्जू पुत्र लोटन निवासी लाड़पुर, 37 वर्षीय भारत, 35 वर्षीय संतोष, 45 वर्षीय सेवक, 30 वर्षीय विजय निवासीगण किड़ारी और बरातियों में 45 वर्षीय टिड़ी, 40 वर्षीय पप्पू, 35 वर्षीय राजू, 19 वर्षीय लालू निवासीगण खजुराहो शामिल हैं।