फिर बहा हाईवे का एप्रोच पुल, 12 घंटे आवागमन ठप
अर्जुन सहायक परियोजना नहर पार करने के लिए झांसी मिर्जापुर हाई वे पर बनाए जा रहे स्थायी पुल के लिए चालू किया गया अस्थाई एप्रोच पुल नाले के पानी के तेज बहाव से एक बार फिर बह गया। पुलिस बहने से राजमार्ग पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। स्थानीय लोगों ने पगडंडी का सहारा लेकर किसी तरह नहर पार की। दोपहर लगभग 12 बजे पुल ठीक होने के बाद यातायात का सुचारु संचालन हो सका।
संवाद सूत्र, भरवारा (महोबा) : अर्जुन सहायक परियोजना नहर पार करने के लिए झांसी-मीरजापुर हाईवे पर स्थायी पुल निर्माण के लिए चालू किया गया अस्थायी एप्रोच पुल एक बार फिर नाले में पानी के तेज बहाव से बह गया। हाईवे पर वाहनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। स्थानीय लोगों ने पगडंडी का सहारा लेकर किसी तरह नहर पार की। दोपहर लगभग 12 बजे पुल ठीक होने के बाद यातायात बहाल हो सका।
भरवारा और पनवाड़ी के बीच झांसी मीरजापुर हाईवे को क्रास कर रही नहर परियोजना पर स्थायी पुल बन रहा है। आवागमन के लिए पुराने रोड पर रास्ता मोड़ कर परसेड़ी नाले पर अस्थायी एप्रोच पुल का निर्माण किया गया है। जिले में एक सप्ताह से लगातार रुक रुक कर हो रही बरसात के चलते नाले में पानी उफना गया जो अस्थायी एप्रोच बहाकर साथ ले गया। बीती रात लगभग 12 बजे एप्रोच पुल बहने के बाद महोबा से उरई-आगरा, उरई आगरा से महोबा-बांदा जाने वाले वाहन जहां के तहां ठहर गए। रविवार सुबह पहुंचे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारियों ने बालू की बोरियां लगा एप्रोच पुल ठीक करना शुरू किया। दोपहर लगभग 12 बजे बजे अस्थायी पुल से यातायात बहाल हो सका। इससे पहले ट्रकों और बसों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह नगर पुल की पटरी के रास्ते निर्माणाधीन स्थायी पुल से नहर पार की और गंतव्य तक पहुंचे।
बता दें, परसेड़ी नाले का एप्रोच पुल इसके पहले 26 अगस्त को भी बह गया था। उस समय भी हाईवे पर वाहन थम गए और 11 घंटे बाद आवागमन शुरू हो सका था।
----------
संकरा पुल होने से बहता है एप्रोच
परसेड़ी नाले का पानी निकालने के लिए चेकडैम के बाद अर्जुन सहायक नहर परियोजना के नीचे से अंडर ग्राउंड पुल बनाकर पानी निकालने की व्यवस्था है। अंडर ग्राउंड पुल से पानी निकलने के लिए संकरी जगह छोड़ी गई है जहां पानी का दबाव पड़ता है।