महराजगंज में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर महराजगंज जा रहे दो बाइक सवार युवकों को सेमरा चंदौली में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

आदित्य यादव और सूरज यादव की फाइल फोटो
HighLights
राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी।
हादसे में 20 वर्षीय सूरज और 14 वर्षीय आदित्य की मृत्यु हुई।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है, जांच जारी है।
संवाद सूत्र, महराजगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर रविवार की रात बाइक से महराजगंज जा रहे दो युवकों को सेमरा चंदौली में एचडीएफसी बैंक के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची डायल-112 और परतावल चौकी पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के नगर पालिका परिषद महराजगंज के पिपरदेउरा वार्ड निवासी 20 वर्षीय सूरज और 14 वर्षीय आदित्य रविवार को गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में किसी रिश्तेदार को देखने गए हुए थे, जिसके बाद रात में वह बाइक से परतावल की ओर से महराजगंज की ओर आ रहे थे।
रात करीब 10:30 बजे सेमरा चंदौली में एचडीएफसी बैंक के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई । राहगीरों की सूचना पर डायल-112 और परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी परतावल भेजा, लेकिन वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अज्ञात वाहन की तलाश के साथ पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
