खुद बीमार हो गईं हैं प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं
भाजपा सरकार ने साढ़े तीन साल में कौन सी मेडिकल सुविधाएं विकसित की है।
महराजगंज: प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं खुद बीमार हो गईं हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि एक दर्जन मंत्री, विधायक कोविड-19 की चपेट में है। एक कैबिनेट मंत्री की मृत्यु हो गई है। भाजपा सरकार ने साढ़े तीन साल में कौन सी मेडिकल सुविधाएं विकसित की है। प्रदेश में जो मेडिकल कालेज हैं, वे भी समाजवादी पार्टी की सरकार में बने थे। भाजपा शासन में एक भी मेडिकल कालेज नहीं बना है। कोविड-19 के इलाज की उचित व्यवस्था तक नहीं है।
यह बातें सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजेश यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हवाले से एक विज्ञप्ति के माध्यम से कही। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे लोगों में भय व्याप्त है और मनोवैज्ञानिक रूप से वे हताशा के शिकार हो रहे हैं। कानून व्यवस्था की तरह कोरोना बीमारी भी पूरी तरह से अराजक हो चुकी है। सरकार ने अपनी हठधर्मिता से विपक्ष की उचित सलाह भी नहीं मानी।