विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में त्रिशूली नदी के कटाव से धंसी सड़क, यूपी के पृथ्वी हाईवे की मरम्मत के लिए आवागमन बंद

Published: Tue, 13 Oct 2026 09:33 AM (IST)

नेपाल में धादिंग जिले के गलौंडी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सोनौली-काठमांडू मार्ग (पृथ्वी हाईवे) की मरम्मत के लिए रात 11 बजे ...और पढ़ें

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. सोनौली-काठमांडू मार्ग रात 11 से सुबह 5 बजे तक बंद।

  2. धादिंग जिले में क्षतिग्रस्त पृथ्वी हाईवे की मरम्मत का काम।

  3. दशहरा के दौरान यात्रियों और परिवहन को भारी दिक्कतें।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। नेपाल में दशहरा पर्व के बीच सोनौली-काठमांडू मार्ग (पृथ्वी हाईवे) पर रात में आवागमन फिर बंद कर दिया गया है। धादिंग जिले के गलौंडी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए यह कदम उठाया गया है।

हाईवे की मरम्मत पूरी होने तक रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। धादिंग की प्रमुख जिला अधिकारी लक्ष्मी पांडेय गौतम ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गजुरी ग्रामीण नगरपालिका-पांच के गलौंडी क्षेत्र में त्रिशूली नदी के कटाव से हाईवे क्षतिग्रस्त हुआ था। नौ अक्टूबर को सड़क का हिस्सा धंसने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को दिनभर की कोशिशों के बाद हाईवे पर आवागमन बहाल किया गया।

सड़क की मरम्मत और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए सोमवार रात से फिर काम कराया जाएगा। इस दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

नेपाल में दशहरा के दौरान पृथ्वी हाईवे पर यातायात बाधित होने से यात्रियों और परिवहन कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ी हैं। फेडरेशन आफ नेपाली नेशनल ट्रांसपोर्ट एंटरप्रेन्योर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुण्य प्रसाद सिटौला ने कहा कि हजारों यात्रियों ने पहले से टिकट बुक करा रखे हैं।

हाईवे बंद होने से यात्रियों के साथ परिवहन संचालकों को भी परेशानी हो रही है। दशहरा मनाने के लिए तीन से 11 अक्टूबर के बीच काठमांडू घाटी के न्यू बस पार्क से देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए कुल 2,07,251 यात्री रवाना हुए। त्योहार के दौरान यात्रियों की भारी आवाजाही के बीच मरम्मत कार्य और यातायात बाधित होने से परिवहन व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।