शबद-कीर्तन के साथ निकाली गई प्रभातफेरी
प्रभातफेरी में शामिल लोग बीच-बीच में गुरुनानक देव का जयघोष भी करते रहे। प्रभातफेरी गुरुद्वारा परिसर से निकलकर जायसवाल मुहल्ला हनुमान चौक अटल चौक घंटाघर चौक व भगत सिंह चौक होते हुए गुरुद्वारा पहुंची और वहां उसका समापन हुआ।
महराजगंज: गुरुनानक देव की जयंती के मद्देनजर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से शनिवार की सुबह प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें ढोल-मजीरा के साथ शबद-कीर्तन करते पूरे नगर का भ्रमण किया गया। प्रभातफेरी में शामिल लोग बीच-बीच में गुरुनानक देव का जयघोष भी करते रहे। प्रभातफेरी गुरुद्वारा परिसर से निकलकर जायसवाल मुहल्ला, हनुमान चौक, अटल चौक, घंटाघर चौक व भगत सिंह चौक होते हुए गुरुद्वारा पहुंची और वहां उसका समापन हुआ।
ज्ञानी मोहन सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव ने कहा था कि ईश्वर सर्वत्र विद्यमान हैं। हम सब के वही पिता हैं। इसलिए सभी के साथ मिलकर प्रेमपूर्वक रहना चाहिए। एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। सुखमय जीवन के लिए अपने विचारों पर विजय पाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नानक देव की जयंती पर प्रभातफेरी का आयोजन 21 से 29 नवंबर तक किया जाएगा। सतर्कता के लिहाज से कोविड- 19 को देखते हुए इस बार प्रभातफेरी में बच्चे व बुजुर्गों को शामिल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर की शाम सात बजे से रात 10 बजे तक कुनसेरवा बाईपास स्थित गुरुद्वारा में दिवान सजेगा। 30 नवंबर को गुरुनानक देव के जन्मदिन पर नौतनवा बाजार स्थित गुरुद्वारा में सुबह नौ बजे से शबद-कीर्तन व गुरुवाणी का पाठ किया जाएगा। हर वर्ष भव्य शोभा यात्रा निकाली जाती है लेकिन कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस वर्ष प्रकाशोत्सव पर परंपरागत शोभा यात्रा नहीं निकाली जाएगी। इस दौरान गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष परमजीत सिंह, रंजीत सिंह, सतपाल सिंह, रणनीति सिंह छाबड़ा, सहेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, हैप्पी सिंह, गुरुचरण सिंह आदि मौजूद रहे।