हड़ताल से बिजली आपूर्ति प्रभावित, नागरिक परेशान
निजीकरण के विरोध में उतरे विद्युतकर्मियों के सामने प्रशासन की वैकल्पिक व्यवस्था भी काम नहीं आ पाई। प्रशासन ने हड़ताल को देखते हए संविदाकर्मियों की ड्यूटी लगाई थी लेकिन उसका फायदा नहीं मिला। उन्होंने भी हाथ खींच लिए।
महराजगंज: विद्युतकर्मियों के कार्य बहिष्कार से सोमवार को जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। उमसभरी गर्मी में नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल का भी संकट उत्पन्न हो गया।
निजीकरण के विरोध में उतरे विद्युतकर्मियों के सामने प्रशासन की वैकल्पिक व्यवस्था भी काम नहीं आ पाई। प्रशासन ने हड़ताल को देखते हए संविदाकर्मियों की ड्यूटी लगाई थी , लेकिन उसका फायदा नहीं मिला। उन्होंने भी हाथ खींच लिए।
विद्युत वितरण खंड प्रथम कार्यालय पर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले अधिकारियों- कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। समिति के संयोजक ई. उपेंद्र नाथ चौरसिया ने कहा कि निजीकरण वापस नहीं लिया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। ई. डीपी त्रिपाठी व ई. सुधीर सिंह ने कहा कि अभी तो आंदोलन शुरू हुआ है। जल्द ही जन जागरण अभियान शुरू किया जाएगा। इस मौके पर ई. हरिशंकर, विपिन कुमार, ऋषिदेव गौतम, राम यादव, एलसी यादव, आलोक रंजन गुप्ता, कृष्णानंद, अरुण यादव, राजनरायण, आईएस सिंह, राजीव कुमार नायक, वीर प्रताप सिंह, एके सिंह आदि उपस्थित रहे। फरेंदा, नौतनवा, निचलौल, कोल्हुई, घुघली सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी हड़ताल के चलते विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई।
विद्युत वितरण केंद्र ठूठीबारी में रविवार से ही ठप विद्युत आपूर्ति को उपजिलाधिकारी के आदेश के बाद सोमवार को बहाल किया गया। दोपहर में पहुंचे एसडीएम निचलौल रामसजीवन मौर्य से व्यापारियों ने समस्या बताई। एसडीएम ने उस समय वहां उपस्थित संविदा कर्मी को तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया तो आपूर्ति बहाल हो गई।