पराली: दो दिनों में 781 के खिलाफ मुकदमा, 905 किसानों को नोटिस
पराली जलाने वालों पर सेटेलाइट द्वारा निगरानी की जा रही है।
महराजगंज: पराली जलाने वालों पर सेटेलाइट द्वारा निगरानी की जा रही है। शासन की ओर से मिले आंकड़ों के बाद राजस्व विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न थानों में दो दिनों के अंदर 781 मुकदमे दर्ज करवा दिए। 905 किसानों को नोटिस दी गई। इन किसानों पर 22 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। राजस्व विभाग की ओर से चार लाख 20 हजार रुपये भी वसूल लिया गया।
पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने बताया कि फसल अवशेष जलाने की अब तक तीन सौ तीन घटनाएं हुईं हैं। सबसे अधिक सदर तहसील में 132, निचलौल में 108, फरेंदा में 12, नौतनवां में 51 मामले प्रकाश में आए। इन मामलों में दो दिनों के अंदर 781 मुकदमे दर्ज कराए गए, जबकि 905 किसानों को नोटिस भेजी गई है। राजस्व विभाग की टीम ने चार लाख 20 हजार रुपये वसूल किए हैं।
वहीं पराली जलाने के मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप में जिला प्रशासन की ओर से अब तक आठ कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है। जबकि 28 कर्मचारियों को चेतावनी नोटिस जारी की गई। एसपी ने कहा कि उपग्रह से पराली जलाने की निगरानी हो रही है। सेटेलाइट से सब पकड़ में आ जा रहा है। किसान पराली जलाने से बचें।