विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में सड़क बंद होने से हवाई यात्रा बनी सहारा, भैरहवा-भरतपुर एयरपोर्ट पर बढ़ा दबाव

Published: Sun, 06 Sep 2026 08:07 AM (IST)

नेपाल में सड़क मार्ग बाधित होने से हवाई यात्रा की मांग बढ़ गई है, जिससे भैरहवा और भरतपुर हवाई अड्डों ...और पढ़ें

गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमान स्थल से निकलते यात्री। सौ. इंटरनेटमीडिया

गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमान स्थल से निकलते यात्री। सौ. इंटरनेटमीडिया

HighLights

  1. नेपाल में सड़क मार्ग बाधित होने से हवाई यात्रा की मांग बढ़ी।

  2. भैरहवा और भरतपुर हवाई अड्डों पर यात्रियों का दबाव बढ़ा।

  3. बुद्ध एयर ने बढ़ती मांग के कारण उड़ानों की संख्या बढ़ाई।

संवादसूत्र, सोनौली। नेपाल में सड़क मार्ग बाधित होने का असर अब हवाई यातायात पर दिखाई देने लगा है। पृथ्वी राजमार्ग के धादिंग स्थित कृष्णभीर में सड़क धंसने से नारायणगढ़-काठमांडू मार्ग अवरुद्ध है। प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग के बंद होने से यात्रियों के सामने काठमांडू पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग और हवाई सेवा का सहारा लेने की मजबूरी है।

ऐसे में चितवन के भरतपुर विमानस्थल के साथ भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल की अहमियत भी बढ़ गई है। सड़क मार्ग से काठमांडू की सीधी आवाजाही प्रभावित होने के कारण यात्रियों का दबाव हवाई सेवा की ओर बढ़ रहा है।

भरतपुर विमानस्थल पर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए बुद्ध एयर ने उड़ानों की संख्या बढ़ाई है। बुद्ध एयर भरतपुर के प्रमुख भक्तबहादुर बस्नेत के अनुसार यात्रियों की जरूरत के मुताबिक उड़ानों में सहजीकरण किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त उड़ानें भी बढ़ाई जाएंगी।

शुक्रवार को भरतपुर-काठमांडू के बीच बुद्ध एयर की आठ उड़ानें हुईं, जबकि गुरुवार को 11 उड़ानें संचालित की गई थीं। शनिवार के लिए सात उड़ानें निर्धारित हैं और मांग को देखते हुए एक अतिरिक्त उड़ान बढ़ाए जाने की संभावना है।

यात्रियों की बढ़ती मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब हवाई टिकट के लिए करीब दो दिन पहले बुकिंग करनी पड़ रही है। नारायणगढ़-काठमांडू सड़क मार्ग के बाधित होने के बीच रुपंदेही के भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल से होने वाली हवाई आवाजाही भी यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बन गई है।

लुंबिनी क्षेत्र के साथ भारत-नेपाल सीमा से जुड़े यात्रियों के लिए यह विमानस्थल काठमांडू की हवाई कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र है। सड़क मार्ग में व्यवधान लंबा खिंचने पर भैरहवा एयरपोर्ट की भूमिका और बढ़ने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ के बाद जिंदगी मलबे में... पर्यटन को 50 अरब से अधिक की चोट

कृष्णभीर में सड़क धंसने से नारायणगढ़-काठमांडू मार्ग बंद होने के कारण यात्रियों को अब हेटौंडा होकर काठमांडू पहुंचना पड़ रहा है। वैकल्पिक मार्ग लंबा होने के कारण समय और परेशानी दोनों बढ़ गई हैं। सड़क मार्ग से यात्रा में लगने वाले अतिरिक्त समय से बचने के लिए जरूरी काम वाले यात्री हवाई सेवा को प्राथमिकता दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ का खतरा बढ़ा, सोनौली सीमा पर यात्रियों के लिए अलर्ट जारी